25 साल बाद टीवी पर लौटेंगी 'तुलसी': 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का सीजन 2, 29 जुलाई से होगा प्रसारण

भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय शोज़ में शामिल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का दूसरा सीजन जल्द ही दर्शकों के सामने आने वाला है। स्टार प्लस ने सोमवार को इस शो का पहला लुक जारी किया, जिसमें एक बार फिर स्मृति ईरानी 'तुलसी वीरानी' के किरदार में नजर आ रही हैं। यह शो 29 जुलाई से स्टार प्लस और जियो सिनेमा (हॉटस्टार) पर हर रात 10:30 बजे प्रसारित होगा।
पहले लुक में दिखाया गया है कि तुलसी आंगन में तुलसी के पौधे को पानी दे रही हैं। इसी के साथ एक पारिवारिक माहौल में यह चर्चा होती है कि तुलसी अब राजनीति में जा चुकी हैं और क्या वह टीवी पर वापसी करेंगी। इस टीजर में नॉस्टैल्जिया और उत्साह दोनों की झलक देखने को मिलती है।
स्मृति ईरानी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फर्स्ट लुक शेयर करते हुए लिखा, *“क्या आप अभी भी विश्वास नहीं कर पा रहे? 25 साल के बाद तुलसी लौट रही है, एक नई कहानी के साथ।”* इस घोषणा के बाद से फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' का पहला सीजन 3 जुलाई 2000 को शुरू हुआ था और 2008 तक चला। इस शो ने 8 वर्षों में कुल 1833 एपिसोड्स पूरे किए थे। एकता कपूर के इस शो में स्मृति ईरानी के साथ अमर उपाध्याय, रोनित रॉय, मंदिरा बेदी, सुधा शिवपुरी, हितेन तेजवानी जैसे कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि नई कहानी में 'तुलसी' क्या नया संदेश लेकर लौटती हैं।