रामगढ़ में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया विधायक जनसेवा केंद्र का उद्घाटन

रामगढ़ में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने किया विधायक जनसेवा केंद्र का उद्घाटन

जयपुर टाइम्स  
अलवर (कासं.) केंद्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में नवनिर्वाचित विधायक सुखवंत सिंह के साथ जनसेवा केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।  

भूपेंद्र यादव ने राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर बधाई दी और कहा कि इस अवधि में प्रदेश में विकास कार्यों ने गति पकड़ी है। उन्होंने रामगढ़ में बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि विधायक और सांसदों को अपने क्षेत्र में लगातार जनता के संपर्क में रहना चाहिए। जनसेवा केंद्र इसी उद्देश्य को पूरा करेगा।  

उन्होंने लोकसभा में संविधान के 75 वर्षों पर हो रही चर्चा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए 11 कर्तव्यों को रेखांकित किया। यादव ने 17 दिसंबर को जयपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में रामगढ़ से अधिकतम लोगों के भाग लेने की अपील की।  

इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मुख्यमंत्री आरोग्य शिविर का उद्घाटन किया। रामगढ़ पहुंचने पर शीतल जलेबी चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने माला, साफा और भाजपा का दुपट्टा पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।  

इस अवसर पर रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला प्रमुख बलवीर सिंह छिल्लर, प्रधान वीरवती जाटव, दौलत राम जाटव और अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारी संख्या में आमजन ने भाग लिया।