मनरेगा मजदूरों की परेशानी: 4 किमी पैदल पहुंच रहे कार्यस्थल, पानी-छाया की सुविधा नहीं
जयपुर टाइम्स
सादुलपुर(निस)। शहर के निकटवर्ती गांव गुलपुरा की रोही में चल रहे मनरेगा कार्य में मजदूरों को भीषण गर्मी के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों को गांव से करीब 3 से 4 किलोमीटर दूर जोहड़ में काम करने जाना पड़ रहा है, जहां तक पहुंचने के लिए कोई उचित रास्ता भी नहीं है। मजदूर रेल लाइन के पास से पैदल होकर कार्यस्थल तक पहुंच रहे हैं। मजदूरों ने बताया कि कार्यस्थल पर ना तो छाया के लिए टेंट की व्यवस्था है और ना ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा चिकित्सा सुविधा भी मौके पर नहीं होने से तेज धूप में काम करना मुश्किल हो गया है।
महिला मजदूरों ने बताया कि कई घंटे धूप में काम करने के बाद जब वे पैदल घर लौटती हैं तो पैरों में जलन होने लगती है। इसके बावजूद घर पहुंचकर खाना बनाने सहित अन्य घरेलू कार्य भी करने पड़ते हैं। मजदूरों ने प्रशासन से गांव के नजदीक कार्य देने की मांग की है।
मजदूरों ने यह भी आशंका जताई कि यदि किसी की तबीयत अचानक खराब हो जाए तो कार्यस्थल तक चारपहिया वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं मेट बलवान ने बताया कि कार्यस्थल पर जिओ टैगिंग और ऑनलाइन हाजिरी लगाने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। कई मजदूरों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो पाने से उनकी मजदूरी अटकने की स्थिति बन गई है। इस संबंध में अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
इधर ग्राम विकास अधिकारी सचिन ने बताया कि कार्य शुरू हुए अभी दो दिन ही हुए हैं। जिओ ट्रैकिंग में तकनीकी समस्या आ रही है, जिसे जल्द ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी की व्यवस्था के लिए भी मस्टररोल में नाम दर्ज कर दिया गया है, ताकि मजदूरों को राहत मिल सके।
विशेष आलेख
दर्शनीय स्थल
E-Magazine
राजस्थान
राष्ट्रीय
अंतरराष्ट्रीय
बिज़नेस
खेल
मनोरंजन
प्रेस विज्ञप्ति