झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन: ब्रेन स्ट्रोक के बाद दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में ली अंतिम सांस

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता शिबू सोरेन का सोमवार सुबह निधन हो गया। 81 वर्षीय सोरेन ने दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में सुबह 8:56 बजे अंतिम सांस ली। वे पिछले डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे और ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। डॉक्टर्स की टीम ने उन्हें लंबे समय तक लाइफ सपोर्ट पर रखा, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दिशोम गुरु के नाम से विख्यात शिबू सोरेन आदिवासी समाज के सबसे बड़े नेताओं में से एक माने जाते थे। वे झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री और कई बार केंद्रीय मंत्री रह चुके थे। उनका राजनीतिक जीवन संघर्षों और जनआंदोलनों से भरा रहा है। वे झारखंड आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे।
बीते एक साल से वे किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और डायलिसिस पर थे। उन्हें डायबिटीज, हार्ट सर्जरी और अन्य जटिल बीमारियों ने भी कमजोर कर दिया था। उनके निधन से झारखंड समेत पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्टी नेताओं, समर्थकों और आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।