खेल और योग के संगम का बना प्रेरणादायी मंच, ‘सर्वांगीण समृद्धि योग’ एवं स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप-2026 का हुआ भव्य समापन

जयपुर, 20 जून। अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अवसर पर यूनियन फुटबॉल क्लब जयपुर (ट्रस्ट) एवं राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सर्वांगीण समृद्धि योग’ शिविर एवं एक माह तक चले स्पोर्ट्स ट्रेनिंग कैंप-2026 का शनिवार को भव्य समापन हुआ। रामनिवास बाग स्थित यूनियन फुटबॉल क्लब ग्राउंड नंबर-2 पर आयोजित समारोह में खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रामशरण गुप्ता रहे। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष लोकेश कुमार सिंह ‘साहिल’, सचिव महिपाल स्वामी, उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष भाव्या राजावत ‘योगिनी’, राजस्थान बार काउंसिल अध्यक्ष एवं अधिवक्ता राजीव सांगरवाल, आर.के. भट्ट, राजेन्द्र सिंह शेखावत, किशनपोल विधानसभा प्रत्याशी सी.एम. बटवाड़ा, कबड्डी सचिव राज नारायण शर्मा, पदम जैन, प्रतिष्ठा स्कूल संस्था की अध्यक्षा अर्पिता माथुर, अधिवक्ता प्रेरक स्वामी, पल्लवी जैन, रग्बी कोच जितेश कुमार, राजवीर सिंह, दशरथ सिंह, मिनी फाइव फुटबॉल के सचिव दिनेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
क्लब समन्वयक अभिनव स्वामी ने बताया कि यूनियन फुटबॉल क्लब वर्षों से खेल एवं योग संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन करता आ रहा है। एक माह तक चले प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों ने फुटबॉल, कबड्डी, रग्बी तथा योग का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं मिनी फाइव फुटबॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राजस्थान टीम में यूनियन फुटबॉल क्लब के 10 खिलाड़ियों के चयन पर उनकी टीम किट का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यूनियन फुटबॉल क्लब जयपुर (ट्रस्ट) रामनिवास बाग को पुनः एक सशक्त स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। खेल, योग और स्वास्थ्य के माध्यम से युवाओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना क्लब का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन और खेल भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
