नाला निर्माण में धांधली का आरोप, रास्ते बंद होने से ग्रामीण परेशान

May 25, 2026 - 14:47
May 25, 2026 - 14:53
 0
नाला निर्माण में धांधली का आरोप, रास्ते बंद होने से ग्रामीण परेशान

जयपुर टाइम्स 
चूरू(निस)। हाल ही में नगर परिषद क्षेत्र में शामिल हुए निकटवर्ती गांव गाजसर में नाला निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने नगर परिषद प्रशासन और संवेदक पर लापरवाही व धांधली के आरोप लगाते हुए कहा कि अधूरे निर्माण कार्य के कारण गांव के मुख्य रास्ते बाधित हो गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गाजसर के मुख्य मार्ग पर गंदे पानी की निकासी के लिए नगर परिषद द्वारा नाला निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था, लेकिन निर्माण के दौरान सड़क को इस तरह खोद दिया गया कि वहां वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। हालत यह है कि लोगों को पैदल निकलने में भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को लिखित ज्ञापन देकर अवगत करवाया गया, लेकिन अधिकारी जिम्मेदारी लेने की बजाय संवेदक से संपर्क करने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक का मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे लोगों में विभागीय मिलीभगत की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपए की लागत से चल रहे निर्माण कार्य में अनियमितताएं बरती गई हैं और बिना कार्य पूर्ण किए ही भुगतान किए जाने की आशंका है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर रास्ता सुचारु नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।