सीजफायर के बाद भी अलर्ट: पंजाब के फाजिल्का में बॉर्डर के पास बम मिलने से हड़कंप, 4 जिलों में स्कूल अब भी बंद; चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आज होगा फैसला

भारत-पाकिस्तान सीजफायर के बाद भले ही हालात सामान्य हो रहे हों, लेकिन पंजाब में तनाव की छाया अब भी बनी हुई है। पाकिस्तान बॉर्डर से सटे फाजिल्का जिले के मुठियांवाली गांव में रविवार देर रात एक बम मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सेना और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। अधिकारियों के मुताबिक, बम पुराना और जंग लगा हुआ लग रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जांच जारी है।
इस घटना के बाद राज्य के सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता और बढ़ा दी गई है। पंजाब के 18 जिलों में आज से स्कूल-कॉलेज दोबारा खुल गए हैं, लेकिन अमृतसर, फिरोजपुर, तरनतारन, पठानकोट और बरनाला में एहतियातन स्कूल बंद ही रखे गए हैं।
उधर, चंडीगढ़ एयरपोर्ट को फिर से खोलने को लेकर आज अहम बैठक होगी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद 7 मई को इसे 15 मई तक बंद किया गया था। अब हालात सामान्य होने पर उड़ानें बहाल हो सकती हैं।
पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। जालंधर में रात को पटाखे फोड़े जाने पर थाना डिवीजन 8 ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का मानना है कि यह माहौल को तनावपूर्ण बनाने की साजिश हो सकती है।
गुरदासपुर, बटाला, फिरोजपुर और पठानकोट जैसे इलाकों में ब्लैकआउट की हिदायत दी गई थी, जो अब धीरे-धीरे हटाई जा रही है। लोग फिर से अपने गांवों की ओर लौटने लगे हैं, लेकिन सतर्कता अब भी बनी हुई है।