कांग्रेस ने बताया गरीब हितैषी कदम, तो भाजपा ने बताया चुनावी साल का झांसा..
सीएम ने की है साल में 12 सिलेंडर मात्र 5 सौ रूपये में देने की घोषणा, उज्जवला योजना व बीपीएल से जुड़े परिवार होंगे लाभान्वित
सुजानगढ़ (नि.सं.)। हाल ही में प्रदेश के मुखिया अशोक गहलोत द्वारा उज्जवला योजना के तहत जुड़ने वाली महिलाओं को एक साल में 12 सिलेंडर मात्र प्रति सिलेंडर 5 सौ रूपये में प्रदान किए जानेे की घोषणा की गई है, जिसको लेकर लोगों में काफी खुशी है।
इस बारे में नगरपरिषद की सभापति निलोफर गौरी ने बताया कि प्रदेश की जनता को उपहार देने में एक और कदम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उठाया है। निलोफर गौरी ने बताया कि एक तरफ केंद्र सरकार ने महंगाई बढ़ाते हुए सिलेंडर के दाम 1 हजार से पार कर दिये हैं, वहीं सीएम अशोक गहलोत ने गरीब व ग्रामीण का दर्द समझते हुए अप्रेल से मात्र पांच सौ रूपये में गैस सिलेंडर दिये जाने की घोषणा की है, जो करोड़ों लोगों के जीवन में खुशी लाने वाला फैसला है।
कांग्रेस नेता व पार्षद उषा बगड़ा ने बताया कि यह मुख्यमंत्री का एक और काफी बड़ा जनहितकारी कदम है। क्योंकि केंद्र सरकार महंगाई बढ़ाने में जुटी है, वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गरीबों की पीड़ा को समझते हुए उन्हें सस्ते सिलेंडर उपलब्ध करवाने वाले हैं। बगड़ा ने इस बड़े जनहितकारी फैसले के लिए मुख्यमंत्री का गरीब जनता की ओर से आभार जताया।
दूसरी ओर भाजपा पार्षद डॉ. शर्मिला सोनी ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते हैं, तो इस प्रकार की घोषणाएं करना आम बात है और ये नई योजनाएं मात्र वादे बनकर रह जाती हैं। क्योंकि आने वाले चुनावों में वैसे भी सरकार बदलने वाली है। इसलिए सरकार को चाहिए कि घोषणाओं को नियम समय पर करके उनको अमली जामा पहनाना चाहिए।
भाजपा नेता गंगाधर लाखन ने बताया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पता है कि चार साल तक उन्होंने जनता के काम नहीं किए, अब लोक लुभावनी घोषणाओं से वोट बटोरने की फिराक में हैं, लेकिन जनता सब समझती है और आने वाले चुनावों में ये सरकार सता से बाहर होगी।
पूर्व पार्षद और भाजपा नेता गणेश मंडावरिया ने बताया कि चुनावी साल में इस प्रकार की लोक लुभावन घोषणाएं आम बात हैं। क्योंकि जिस सूबे की कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, उस सूबे की जनता पहले से ही सरकार बदलने का मन बना चुकी है। ऐसे में इस प्रकार की घोषणाओं से सरकार नहीं बचने वाली।
फोटो न. 5 का कैप्शन: सुजानगढ़-सभापति निलोफर गौरी, पार्षद उषा बगड़ा, पार्षद शर्मिला सोनी, भाजपा नेता गंगाधर लाखन, गणेश मंडावरिया।