तेज हवाओं के साथ बरसे बादल, कई खेतों में शोलर प्लांट को हुआ नुकसान

चूरू। मौसमी तंत्र के बदलाव के साथ ही बीती राज को करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाएं और पीली आंधी के साथ बादल बरसे। चूरू शहर में करीब 12 मिमी से अधिक बारिश हुई। इतनी सी बारिश में शहर के अनेक मार्ग अवरुद्ध हो गए। शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित राजकीय लोहिया महाविद्यालय के आगे शुक्रवार को भी गंदे पानी का भराव रहा जिससे विद्यार्थियों को काॅलेज में प्रवेश करने में समस्या का सामना करना पड़ा।
गुरुवार की देर रात हुई एकाएक पीली आंधी ने शहर को अपने आगोश में ले लिया तथा इसके साथ ही मेघ गर्जना के साथ बारिश हुई। आसमान में बिजली कड़की तो शहर की विद्युत आपूर्ति लड़खड़ा गई। तेज हवाओं के कारण खेतों में किसानों के लगाए गए शोलर प्लांटों का नुकसान हुआ। खेतों में लगाई गई शोलर प्लेटें उखड़ गई। जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा। गत रात तारानगर में आई तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई। आंधी कारण बिजली के तार टूटे जिससे बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। ओलावृष्टि से नरमे व कपास की फसल को नुकसान हुआ। उधर चूरू शहर के निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हुई।
शुक्रवार को सुबह धूप खिली लेकिन आसमान में बादलों की आवाजाही रही तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने 18.5 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया। दूसरी ओर मौसम विभाग की माने तो 26 व 27 मई को उत्तरी भागों में मेघ गर्जना के साथ हल्की बारिश की संभावना है जबकि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 28 व 29 मई को तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने चूरू में 12.3 मिमी वर्षा दर्ज की है।