लक्ष्मणगढ़ के लाल बना बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष

Dec 18, 2025 - 12:07
 0
लक्ष्मणगढ़ के लाल बना बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष


लक्ष्मणगढ़, 15 दिसंबर।बिहार की राजनीति में लक्ष्मणगढ़ के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। दरभंगा सदर विधानसभा से लगातार छठी बार विधायक चुने गए तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री संजय सरावगी को भारतीय जनता पार्टी ने बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नगर व क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है।उनके बड़े भाई, लक्ष्मणगढ़ निवासी भाजपा नेता एवं अग्रवाल संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष जयप्रकाश सरावगी ने दी। उन्होंने बताया कि संजय सरावगी वर्तमान में दरभंगा से छठी बार विधायक हैं और हाल ही में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क को देखते हुए उन्हें बिहार भाजपा की कमान सौंपी है।संजय सरावगी का राजनीतिक सफर छात्र जीवन से ही शुरू हो गया था। उन्होंने एमकॉम और एमबीए की पढ़ाई की है तथा प्रारंभ में भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे। वर्ष 1995 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की औपचारिक सदस्यता ली। इसके बाद वे दरभंगा नगर निगम के पार्षद बने।उनकी सक्रियता और जनता से मजबूत जुड़ाव को देखते हुए भाजपा ने मार्च 2005 में उन्हें पहली बार विधानसभा चुनाव का टिकट दिया, जिसमें उन्होंने भारी मतों से जीत दर्ज की। इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में वे लगातार दरभंगा सदर से विधायक चुने गए। वर्ष 2018 में उन्हें विधानसभा की प्राकलन समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया था, जबकि इसी वर्ष की शुरुआत में वे राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।संजय सरावगी को एक सुलभ और जनप्रिय नेता के रूप में जाना जाता है। कहा जाता है कि वे कार्यकर्ताओं और आम जनता के हर बुलावे पर उनके बीच पहुंचते हैं। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद भी उनका यह स्वभाव बरकरार रहा, जिससे वे कार्यकर्ताओं में विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।दरभंगा में एयरपोर्ट, एम्स सहित कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती है। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति से पार्टी को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Jaipur Times जयपुर टाइम्स के साथ आप नवीनतम हिंदी समाचार प्राप्त कर सकते हैं। आप अपने विज्ञापन को राजस्थान में प्रकाशित कर सकते हैं।