Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

चाकसू में ACP भवानी सिंह शेखावत ने ली सीएलजी व पुलिस मित्रों की बैठक

चाकसू में ACP भवानी सिंह शेखावत ने ली सीएलजी व पुलिस मित्रों की बैठक

जयपुर टाईम्स

चाकसू:- चाकसू पुलिस थाने में रविवार शाम को थाने परिसर में सीएलजी एवं पुलिस मित्रों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसीपी भवानी सिंह शेखावत द्वारा की गई। एसीपी ने चार्ज संभालने के बाद यह उनकी पहली औपचारिक बैठक रही, जिसे लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बैठक में कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति, आगामी चुनौतियों और पुलिस-जन सहयोग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। एसीपी शेखावत ने कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच मजबूत संवाद ही अफवाहों, ठगी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगा सकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। एसीपी ने पुलिस मित्रों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सजग रहकर छोटी से छोटी सूचना भी समय पर पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा, विश्वास और सम्मान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल सहित सीएलजी सदस्य और पुलिस मित्र उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।