Jaipur Times
ई-पेपर
हिंदी/EN
Login
जयपुर टाइम्स
जयपुर

अतिक्रमण पर चुप क्यों है पालिका प्रशासन? सड़कों पर कब्जा, बढ़ता खतरा,व्यापारियों ने जताया रोष

द्वारा Jaipur Times
अतिक्रमण पर चुप क्यों है पालिका प्रशासन?  सड़कों पर कब्जा, बढ़ता खतरा,व्यापारियों ने जताया रोष

फुलेरा (राजकुमार देवाल) कस्बे की मुख्य सड़कें इन दिनों अतिक्रमण की मार झेल रही हैं। सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा ठेले, रेहड़ियाँ और सामान रखे जाने से राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। इन अतिक्रमणों के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ घटित हो रही हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन मौन बना हुआ है। इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए फुलेरा व्यापार महासंघ का प्रतिनिधिमंडल नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) सूर्यकांत शर्मा से मिला और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा। व्यापार महासंघ अध्यक्ष मनोज आहुजा ने बताया कि राज्य सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु 19 निर्देश जारी किए हैं, जिनका सभी नगरीय निकायों को 30 दिसंबर तक अनुपालन करना है। परंतु फुलेरा नगरपालिका इन निर्देशों की खुलेआम अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि कस्बे की मुख्य सड़कों पर स्थाई और अस्थाई अतिक्रमणों के कारण यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। वहीं जोधपुर मार्ग पर बने आरोबी (रेलवे ओवरब्रिज) के नीचे कंटेनर,थडिया रखकर रेस्टोरेन्ट व व्यवसायिक गतिविधियां संचालित है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की संभावनाएँ बढ़ रही हैं। व्यापार महासंघ ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन इन अतिक्रमणों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे शहर की सड़कें हादसों के जाल में फँसती जा रही हैं। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे। इस अवसर पर व्यापार महासंघ अध्यक्ष मनोज आहुजा, प्यारेलाल कुमावत, मोहित धांधल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

प्रतिक्रियाएं

0 कुल

टिप्पणियां

0 स्वीकृत

अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।