*MP और राजस्थान में आज ऑरेंज अलर्ट, 22 राज्यों में यलो अलर्ट जारी*
नई दिल्ली/लखनऊ/भोपाल | 11 जुलाई 2025
देश के कई हिस्सों में मानसून ने कहर बरपाया है। उत्तर प्रदेश के इटावा में भारी बारिश के चलते रेलवे अंडरपास में पानी भर गया, जिसमें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी की छात्राओं और स्टाफ से भरी बस 6 फीट गहरे पानी में फंस गई। एक घंटे की रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बस में सवार 24 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हिमाचल प्रदेश में बीते 9 दिनों से हो रही भारी बारिश, बादल फटने और लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य की 208 सड़कें बंद हैं और सिरमौर व कांगड़ा जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में लगातार बारिश से युकसोम कस्बे के दो लकड़ी के पुल बह गए हैं। इससे कई इलाकों का संपर्क टूट गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल सहित कुल 22 राज्यों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार, 13 जुलाई तक देश के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश जारी रहने की संभावना है।


