डीग। डीग जिले में पंचायत राज चुनाव के नतीजे आने के बाद राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्य चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन भाजपा के मुकाबले बेहतर रहा था, लेकिन अप्रत्यक्ष चुनावों में समीकरण पूरी तरह बदल गए। भाजपा ने सत्ता के गलियारों में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए जिला प्रमुख और सभी पांचों पंचायत समितियों के प्रधान पदों पर कब्जा कर लिया है। इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है कि आखिर जनादेश के बावजूद सत्ता की कुर्सियों पर भाजपा कैसे काबिज हो गई।
जिला परिषद के चुनाव परिणामों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। कांग्रेस के 14, भाजपा के 10, निर्दलीय के 4 और बसपा का एक सदस्य निर्वाचित हुआ था। सदस्य संख्या में कांग्रेस मजबूत थी, लेकिन जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा की रेनू सिंह ने 22 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 7 वोट मिले। हालांकि, उप जिला प्रमुख के पद पर कांग्रेस की नीलम रावत ने जीत हासिल की, लेकिन प्रमुख पद हाथ से निकलना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
जिले की पांचों पंचायत समितियों का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। कुल 137 सदस्य पदों में से कांग्रेस ने 40 और भाजपा ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की थी। निर्दलीयों ने 73 सीटों पर कब्जा जमाया था, जो इस चुनाव में किंगमेकर साबित हुए। इन निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से भाजपा ने सभी पांचों पंचायत समितियों में अपने प्रधान बनवाने में सफलता प्राप्त की। सदस्य चुनाव में कांग्रेस की बढ़त के बावजूद प्रधान पदों पर भाजपा का कब्जा जिले की राजनीति का सबसे बड़ा उलटफेर है।
बृजनगर पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान बती कुमारी का नामांकन भी चर्चा का विषय रहा। उन्होंने पहले कांग्रेस के साथ, फिर भाजपा और निर्दलीय के रूप में पर्चा भरा और अंततः भाजपा के समर्थन से निर्विरोध प्रधान चुनी गईं। इस तरह के घटनाक्रमों ने राजनीतिक दलों के बीच बढ़ती खेमेबाजी और बदलते समीकरणों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पूर्व विधायक वाजिब अली ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा पर सत्ता के दबाव का उपयोग कर राजनीतिक छल-कपट करने का गंभीर आरोप लगाया है। वाजिब अली का कहना है कि यह हार सामान्य नहीं बल्कि धोखे का परिणाम है। उनके इस्तीफे ने डीग की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। अब देखना यह है कि सदस्य चुनाव के जनादेश और सत्ता के पदों के बीच का यह अंतर आने वाले दिनों में क्या मोड़ लेता है।


