जयपुर। प्रदेश की बेटियों को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राजस्थान पुलिस और शिक्षा विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य की लगभग 23.32 लाख छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाने के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और भावनात्मक मजबूती लाना है ताकि वे विपरीत परिस्थितियों का डटकर सामना कर सकें।
इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए पुलिस और शिक्षा विभाग के बीच एक औपचारिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की उपस्थिति में एडीजी कम्युनिटी पुलिसिंग लता मनोज कुमार और स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक डॉ. रश्मि शर्मा ने एमओयू को अंतिम रूप दिया। इस दौरान डीआईजी क्राइम दीपक भार्गव भी मौजूद रहे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए तैयार किया गया है। इसमें आत्मरक्षा की तकनीकों के साथ-साथ महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और आपातकालीन सेवाओं के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, पाठ्यक्रम में जेंडर जागरूकता और बाल अधिकारों जैसे संवेदनशील विषयों को भी शामिल किया गया है, ताकि छात्राओं का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण को जमीनी स्तर तक पहुँचाने के लिए एक व्यवस्थित कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत राजस्थान पुलिस विभाग पहले 11,701 ब्लॉक स्तरीय विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षित करेगा। तत्पश्चात, ये प्रशिक्षित शिक्षक प्रदेश के सभी 36,765 सरकारी विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इस पहल का मुख्य ध्येय सुरक्षित स्कूल और सशक्त बेटियां बनाना है, जिससे एक आत्मनिर्भर भविष्य की नींव रखी जा सके।


