Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा में रातें हुईं सर्द, न्यूनतम पारा लुढ़ककर 11 डिग्री तक पहुंचा; गेहूं उगने में भी हो रही देरी

प्रदेश में मौसम के मिजाज में आए बदलाव के साथ ही अब रातों की ठंडक बढ़ने लगी है जबकि दिन के समय धूप खिलने से तापमान सामान्य बना हुआ है। पिछले कई दिनों से लगातार गिर रहे रात के पारे ने प्रदेश में सर्दी का अहसास तेज कर दिया है। रविवार की रात में जींद जिले का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

haryana weather
haryana weather

Haryana Weather: हरियाणा में मौसम बदलने के साथ अब ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 11 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट देखने को मिलेगी। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और दादरी में आज सुबह न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से 15 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रहने के कारण रात के समय कंपकंपाने वाली ठंड शुरू हो गई है।

प्रदेश में रात के समय सर्दी का एहसास हुआ तेज

प्रदेश में मौसम के मिजाज में आए बदलाव के साथ ही अब रातों की ठंडक बढ़ने लगी है जबकि दिन के समय धूप खिलने से तापमान सामान्य बना हुआ है। पिछले कई दिनों से लगातार गिर रहे रात के पारे ने प्रदेश में सर्दी का अहसास तेज कर दिया है। रविवार की रात में जींद जिले का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। इसी प्रकार दूसरे जिलों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद ठंड बढ़ गई है।

तापमान में गिरावट का गेहूं की बिजाई पर भी पड़ रहा है असर

मौसम में आए इस बदलाव का सीधा असर रबी की प्रमुख फसल गेहूं की बिजाई पर भी पड़ रहा है। प्रदेश के कई जिलों में अब तक करीब 75 प्रतिशत रकबे में गेहू की बिजाई पूरी हो चुकी है। वहीं कृषि विशेषज्ञों ने शेष किसानों को अब पछेती किस्मों की बिजाई करने की सलाह दी है। क्योंकि गेहूं उगने का समय अब 7-8 दिन से बढ़कर 10 से 12 दिन तक पहुंच गया है।

दिन में धूप खिलने से मिल रही है सर्दी से राहत

प्रदेश के विभिन्न जिलों में रात के समय उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह के वक्त हल्की धुंध और ठंड के कारण लोग अब गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। हालांकि, दिन में सूरज की तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल रही है। प्रदेश की ज्यादातर जिलों में इस समय दिन में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री के करीब बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।