Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाके में राजस्थान पुलिस का बड़ा प्रहार, 50 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने दो साल से फरार 50 हजार के इनामी मादक पदार्थ तस्कर को झारखंड के पलामू से गिरफ्तार किया है।

राजस्थान पुलिस की कार्रवाई
राजस्थान पुलिस की कार्रवाई

जयपुर। राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी सुरेन्द्र साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को झारखंड के नक्सल प्रभावित पलामू जिले के हरिहरगंज क्षेत्र से दबोचा गया। यह कार्रवाई राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य राज्य में सक्रिय अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करना है।

आरोपी सुरेन्द्र साहू बालोतरा जिले के सिणधरी थाने में दर्ज 261 किलोग्राम डोडा पोस्त तस्करी के मामले में लंबे समय से वांछित था। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया था कि आरोपी ने राजस्थान सहित कई राज्यों में अवैध नशीले पदार्थों की आपूर्ति का एक बड़ा जाल बिछा रखा था। महानिदेशक पुलिस के निर्देशों के बाद, सीआईडी की टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया और उसे पकड़ने के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की।

ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए पुलिस टीम तीन दिन पहले ही झारखंड पहुंच गई थी। वहां पुलिसकर्मियों ने भेष बदलकर आरोपी के संभावित ठिकानों की रैकी की। गहन निगरानी के बाद पता चला कि आरोपी हरिहरगंज थाना क्षेत्र की एक तेल मिल में छिपकर रह रहा है और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। पुलिस ने अपनी पहचान गुप्त रखते हुए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया और सिणधरी थाना पुलिस को भी मौके पर बुला लिया।

दबिश के दौरान, पुलिस टीम ने तेल मिल को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन टीम ने साहस का परिचय देते हुए करीब एक किलोमीटर तक उसका पीछा किया और अंततः उसे पकड़ लिया। इस संयुक्त कार्रवाई में सीआईडी क्राइम ब्रांच, सिणधरी थाना पुलिस और स्थानीय हरिहरगंज पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सिणधरी पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सुरेन्द्र साहू की गिरफ्तारी से तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनके संपर्कों का खुलासा होने की उम्मीद है। इस सफल ऑपरेशन में सीआईडी और सिणधरी पुलिस के कई अधिकारियों और जवानों ने अपनी तत्परता और तकनीकी सहयोग से अहम योगदान दिया है।