जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पिंक बूथों की शुरुआत की है। शनिवार को राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने पत्रिका गेट, जवाहर सर्किल पर स्थित महिला सुरक्षा एवं सहायता बूथ का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही अशोक नगर टी-पॉइंट, गौरव टावर के पास और मानसरोवर स्थित सिटी पार्क में बने तीन अन्य बूथों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया गया।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने इस पहल के लिए पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और उनकी पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन बूथों की स्थापना से सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए एक सुरक्षित वातावरण तैयार होगा और उन्हें किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी। यह कदम शहर में महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाता है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि पहले चरण में शहर के चार प्रमुख स्थानों को चुना गया है। इन केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मी सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दो पालियों में तैनात रहेंगी। ये बूथ आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी कैमरों, राजकॉप सिटीजन ऐप और क्यूआर कोड आधारित सुविधाओं से लैस हैं, ताकि किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पिंक बूथों पर छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार और घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस सहायता उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, ये बूथ सुरक्षित प्रतीक्षा स्थल के रूप में भी काम करेंगे, जहाँ प्राथमिक उपचार और सैनिटरी पैड जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यहाँ तैनात पुलिसकर्मी महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मरक्षा का प्रशिक्षण भी देंगे। साथ ही, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की सेवाएं भी यहाँ से सुलभ होंगी।
उद्घाटन के बाद डीजीपी और पुलिस कमिश्नर ने बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश, उप महानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन शर्मा और डॉ. रामेश्वर सिंह सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्य उपस्थित रहीं।

