Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

पूर्व विधायकों की बेटियां और बहू हारीं, बीजेपी की जिला प्रमुख दावेदारों को झटका; कांग्रेस नाम पर मंथन में जुटी

भरतपुर जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने 31 में से 21 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया, जबकि बीजेपी 9 सीटों पर सिमट गई। जिला प्रमुख पद के लिए जोड़तोड़ जारी।

भरतपुर जिला परिषद चुनाव परिणाम के बाद राजनीतिक हलचल
भरतपुर जिला परिषद चुनाव परिणाम के बाद राजनीतिक हलचल

भरतपुर। भरतपुर जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने जिले की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है। जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाने की तैयारी कर रही बीजेपी को इन चुनावों में करारा झटका लगा है। पार्टी की ओर से जिला प्रमुख पद की संभावित दावेदार मानी जा रही पूर्व विधायकों की बेटियां और एक पूर्व विधायक की पुत्रवधू को करारी हार का सामना करना पड़ा है।

कुल 31 सीटों में से कांग्रेस ने 21 सीटों पर शानदार जीत दर्ज कर अपना वर्चस्व कायम किया है। दूसरी ओर, बीजेपी महज 9 सीटों पर सिमट गई, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी को एक सीट मिली है। इस परिणाम ने जिला प्रमुख के चुनाव को लेकर दोनों ही दलों में सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है।

बीजेपी के लिए यह हार इसलिए भी बड़ी है क्योंकि वार्ड 18 से कनिका बंशीवाल, वार्ड 22 से पूजा दुबेश और वार्ड 14 से रेखा रानी जैसे प्रमुख चेहरे चुनाव हार गए। वार्ड 18 में कांग्रेस की रेनू वाला ने कनिका बंशीवाल को 998 मतों से हराया। इसी तरह वार्ड 22 में अंजू कुमारी और वार्ड 14 में सपना कुमारी ने कांग्रेस के लिए जीत सुनिश्चित की।

कांग्रेस खेमे में अब जिला प्रमुख के नाम को लेकर मंथन शुरू हो गया है। पार्टी नेतृत्व फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है ताकि किसी भी तरह की सेंधमारी से बचा जा सके। यही कारण है कि फिलहाल किसी भी नाम को सार्वजनिक करने से परहेज किया जा रहा है।

हालांकि, महज 9 सीटें मिलने के बावजूद बीजेपी ने जिला प्रमुख और प्रधान बनाने का दावा नहीं छोड़ा है। पार्टी का तर्क है कि निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों के साथ मिलकर वे बोर्ड गठन की स्थिति में हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिला प्रमुख की कुर्सी पर कौन काबिज होता है और किस दल का बोर्ड बनता है।