Special Train: राजस्थान के भरतपुर जिले के ट्रेन यात्रियों को रेलवे विभाग ने बड़ी सौगात दी है। भरतपुर के यात्रियों का सफर आसान बनाने के लिए रेलवे ने राजस्थान और बिहार के बीच चलनेवाली दो स्पेशल ट्रेन भागलपुर-जयपुर वन-वे स्पेशल ट्रेन और जयपुर-गया-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन का भरतपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है। रेलवे द्वारा बिहार और राजस्थान के बीच किए जा रहे दो स्पेशल ट्रेनों के संचालन का लाभ अब भरतपुर की यात्री भी उठा सकेंगे। रेलवे द्वारा भागलपुर से जयपुर के लिए वन-वे स्पेशल ट्रेन तथा जयपुर-गया-खातीपुरा के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का कोटा मंडल के भरतपुर स्टेशन पर ठहराव दिया गया है। इससे बिहार और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले भरतपुर के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
भागलपुर से जयपुर के लिए वन-वे स्पेशल ट्रेन का भरतपुर रेलवे स्टेशन पर इस प्रकार रहेगा शेड्यूल
भारतीय रेलवे की ओर से चलाई जा रही गाड़ी संख्या 09722 भागलपुर-जयपुर वन-वे स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर 2026 को भागलपुर से रात 9:30 बजे रवाना होकर 19 नवंबर की रात 11 बजे भरतपुर पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन भरतपुर रेलवे स्टेशन से चलकर 20 नवंबर को सुबह 3:30 बजे जयपुर पहुंचेगी। वहीं ट्रेन दोनों दिशाओं में एक-एक ट्रिप के लिए चलाई जा रही गाड़ी संख्या 09727 जयपुर-गया-खातीपुरा अनारक्षित स्पेशल संचालित की जा रही है।
गाड़ी संख्या 09727 जयपुर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर शाम 4:40 बजे भरतपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन भरतपुर रेलवे स्टेशन से 4:45 बजे चलेगी। गाड़ी संख्या 09728 गया-खातीपुरा स्पेशल भरतपुर रेलवे स्टेशन पर आज 14 नवंबर को सुबह 7:05 बजे पहुंची। रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गया-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन भरतपुर के साथ दोनों दिशाओं में गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम और डेहरी ऑन सोन, गांधीनगर जयपुर, खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूंडला और इटावा रेलवे स्टेशन पर ठहराव करेगी।


