Jaipur News: जयपुर शहर के रहवासियों की खुशी को उसे समय ग्रहण लग गया जब शहर में बनने जा रही 200 मीटर चौड़ी सड़क के लिए रेलवे ने जमीन देने से मना कर दिया। बता दें कि जयपुर शहर में जगतपुरा पुलिया से सीबीआई फाटक तक प्रस्तावित 200 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए एक बार फिर रेलवे ने जेडीए को जमीन देने से मना कर दिया है। इस सड़क की चौड़ाई पहले भी घटकर 200 से 160 फिट की गई थी, लेकिन अब रेलवे द्वारा जमीन देने से मना करने पर यह सड़क मात्र 60 फीट चौड़ी बनाई जाएगी। जेडीए ने इस सड़क के निर्माण के लिए शहर के 25 मकान और दुकान ध्वस्त किए थे, लेकिन रेलवे खाली पड़ी जमीन को भी देने को तैयार नहीं है।
60 फीट चौड़ाई में डिवाइडर के साथ बनेगी 2 लेन सड़क
जेडीए द्वारा निर्माणाधीन शहर में जगतपुरा पुलिया से सीबीआई फाटक तक की सड़क 200 फीट चौड़ाई की जगह अब 60 फीट चौड़ाई की बनाई जा रही है। इस सड़क को डिवाइडर के साथ 30-30 फीट चौड़ी टू लाइन में बनाया जाएगा। बता दें कि इस सड़क खोहनागोरिया, इंदिरा गांधी नगर, शूटिंग रेंज और फाटक पार बसी कॉलोनियों के वाहनों से सुबह-शाम पीक आवर्स में जाम की स्थिति बनी रहती है। इस सड़क की चौड़ाई अगर 200 फीट होती तो इन कॉलोनीयों के रहवासियों को जाम से मुक्ति मिल सकती थी लेकिन अब चौड़ाई घटाकर 60 फीट करने से लोगों को फिर जाम की समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे की मंजूरी के चलते पहले भी प्रभावित हुए हैं यह तीन प्रोजेक्ट
रेलवे की मंजूरी ना मिलने के कारण शहर में तीन बड़े प्रोजेक्ट पहले भी प्रभावित हुए हैं। सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने बताया कि टोंक फाटक लक्ष्मी मंदिर सिग्नल फ्री प्रोजेक्ट के लिए रेलवे द्वारा जमीन नहीं देने पर बरकत नगर फाटक पर वाहनों जाम में फंसना पड़ रहा है। इसके अलावा मानसरोवर रीको कांटा से वाया सांगानेर रेलवे स्टेशन से डिग्गी मुहाना मोड़ पर रेलवे ने 120 फीट सड़क चौड़ाई के लिए जमीन नहीं देने पर सांगानेर में एलिवेटेड प्रोजेक्ट का डायवर्जन नहीं मिल पा रहा। वहीं रेलवे जंक्शन के सामने राम मंदिर जाने वाली सड़क निर्माण प्रोजेक्ट भी रेलवे द्वारा टांग अड़ाने से प्रभावित हुआ है। सीपीआरओ अमित सुदर्शन ने कहा कि जेडीए और रेलवे इस मामले पर सकारात्मक रूप से बातचीत कर रहे हैं।


