कोटा में महिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक, 21 जुलाई के ‘संसद चलो’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प
कोटा में महिला कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में 21 जुलाई के संसद चलो अभियान को सफल बनाने, महिला आरक्षण लागू करने और OBC महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने की मांग उठाई गई।

महिला आरक्षण लागू करने और OBC महिलाओं को आरक्षण में शामिल करने की मांग को लेकर चलाया हस्ताक्षर अभियान
कोटा। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा एवं राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देशानुसार गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस कोटा शहर की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महिला कांग्रेस कोटा शहर की जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने की।
बैठक में राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव एवं कोटा शहर प्रभारी रिक्की सिंह हंतरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने महिला कांग्रेस के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
रिक्की सिंह हंतरा ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग की महिलाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क, सदस्यता अभियान और संगठनात्मक गतिविधियां संचालित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए महिलाओं की राजनीतिक और संगठनात्मक भागीदारी आवश्यक है।
‘संसद चलो’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में 21 जुलाई से प्रारंभ होने वाले संसद के मानसून सत्र के दौरान नई दिल्ली में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित होने वाले ‘संसद चलो’ कार्यक्रम एवं विशाल प्रदर्शन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान कोटा से अधिकाधिक महिला कार्यकर्ताओं की दिल्ली में भागीदारी सुनिश्चित करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
बैठक में जिले के ब्लॉक अध्यक्षों, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया। संगठन की वर्तमान गतिविधियों और संरचना की समीक्षा करते हुए प्रत्येक ब्लॉक में संगठन विस्तार, रिक्त पदों की पूर्ति और सदस्यता अभियान में तेजी लाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
महिला आरक्षण को लेकर हस्ताक्षर अभियान
बैठक के बाद कांग्रेस कार्यालय परिसर में कोटा शहर प्रभारी रिक्की सिंह हंतरा एवं शहर अध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में महिला आरक्षण और OBC महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने—
“महिला आरक्षण लागू करो—आज करो, अभी करो”
और
“OBC महिलाओं को आरक्षण में शामिल करो”
जैसे नारों के माध्यम से अपनी मांग उठाई।
महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने हस्ताक्षर कर केंद्र सरकार से महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने और OBC महिलाओं को भी आरक्षण में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की वास्तविक राजनीतिक भागीदारी तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब आरक्षण व्यवस्था में सामाजिक न्याय के सिद्धांतों का पालन किया जाए और सभी वर्गों की महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिले।
ये रहीं उपस्थित
बैठक में कोटा शहर प्रभारी रिक्की सिंह हंतरा, कोटा शहर अध्यक्ष शालिनी गौतम, मंजू चौधरी, स्वाति अग्रवाल, शशिप्रभा उदावत, सुमन मठसिंहला, लाड़कंवर गोचर, सपना बुर्ट, लक्ष्मी तंवर, लक्ष्मी वर्मा, कमलेश कुमारी, मोनिका गुर्जर, निकिता वर्मा, सुनीता शर्मा, विमला मीणा, सुनिंदर कौर, पूजा नागरवाल, शगुफ्ता पठान, हेमलता यादव, चंद्रकला यादव, पुष्पा शर्मा, निशा मेघवाल, संतोष शर्मा, दुर्गा वैष्णव, शबनम खान, अप्सरा अंसारी, महिमा शक्तावत, परवीन अंसारी, निशा शुक्ला, नसरीन खानम, शबनम अंसारी, नसीम बेगम, शकीला बानो, हिना कौसर, भारती, मोहिनी, मीना, सपना मीणा, समीना खान, पूनम पंवार, मनीषा मीणा, कल्पना चौधरी और कौशल्या सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
प्रतिक्रियाएं
टिप्पणियां
अभी कोई स्वीकृत टिप्पणी नहीं है।
