-दीपावली नजदीक आने के साथ ही संवरने लगे घर, बाजार
जयपुर टाइम्स
मण्डावा। दीपावली का पर्व नजदीक आने के साथ ही चहल-पहल अब बढऩे लगी है। घरों में साफ-सफाई व रंग-रोगन का काम शुरू होने के साथ ही बाजार का भी सन्नाटा टूटने लगा है। आज सर्वार्थ सिद्धि योग,गुरु पुष्य योग, साध्य योग,अमृत सिद्धि योग होने पर सोने चांदी की दुकानों पर जमकर खरीदारी की। वही अन्य दुकान पेंटस, कपड़े, इलेक्ट्रानिक्स व मोबाइल एसेसरीज की भी लोगो ने खरीद की। त्यौहारी सीजन को लेकर दुकानदारो ने कलेक्शनों से सजाने का काम तेज कर दिया गया है। ताकि कारोबार बेहतर हो सके। दीपोत्सव को लेकर घरों को निखारने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसको लेकर पेंट्स के भी कई कलेक्शन दुकानों पर पूरी रंगत के साथ नजर आने लगे हैं। पेन्टस की दुकानों पर भी अब लोग डिस्टेंपर के साथ ही फैंसी उत्पादों की खरीद के लिए पहुंचने लगे है। ताकि कलर के बाद घर भी बेहतर तरीके से सजाया जा सके।
बाजारों में बढ़ी चहल-पहल:
बाजारों में ग्राहकों के घरों से बाहर निकलने के कारण बाजारों में चल रही मंदी की जगह अब चहल-पहल नजर आने लगी है। घरों को सजाने के लिए सजावटी गुलदस्तों के साथ ही फैंसी आइटम्स को लेने के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। दुकानदारों का कहना था कि बाजार में चल रहे सन्नाटों के बीच हुई हलचल से अब उनको बेहतर कारोबार होने की उम्मीद होने लगी है। इसी लिए मायूस दुकानदारों के चेहरों पर भी अब रौनक नजर आने लगी है। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगो ने बताया कि इस बार घर को बेहतर तरीके से सजाने के लिए कलर कराने के साथ ही पेंटिंग, गुलदस्ते सहित हाथ के बने हुए सजावटी साधनों से घरों को सजाए जाने की योजना है। घरों को सजाने की चल रही इस होड़ में बाजार अब फिर से पटरी पर जहां लौटता नजर आने लगा है।

