राजसमंद, 12 अक्टूबर। जिले में बढ़ती अवैध खनन गतिविधियों पर सख्त कदम उठाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तत्परता दिखाते हुए अवैध खनन, निर्गमन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। जिला कलक्टर श्री बालमुकुंद असावा ने शनिवार को खान एवं भूविज्ञान विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक में यह स्पष्ट किया कि अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई और शिकायतें मिलीं, तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
कलक्टर श्री असावा ने निर्देश दिए कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ एक प्रभावी अभियान चलाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अवैध खनन की गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगे। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा की जाएगी। बैठक में अधीक्षण खनिज अभियंता अनिल खमेसरा, खनिज अभियंता जिनेश हुम्मड, ललित बाछरा और गोपाल बछ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सभी माइंस और क्रेशर का होगा भौतिक सत्यापन
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि दस दिनों के भीतर जिले की सभी माइंस और क्रेशर का भौतिक सत्यापन कर वर्किंग और नॉन वर्किंग की स्थिति स्पष्ट की जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा जाए कि लीज के आस-पास कहीं अवैध खनन हो रहा है या नहीं। ऐसा पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, पिछले छह महीनों में अवैध खनन पर हुई कार्रवाई, बनाए गए चालान, प्राप्त राजस्व, और बकाया राशि की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

