Indore Ujjain Corridor : महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को अब धार्मिक यात्रा के साथ बेहतर इलाज की सुविधा देने की तैयारी है। इंदौर-उज्जैन को मेडिकल टूरिज्म और वेलनेस कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत शहर के बड़े अस्पतालों की विशेषज्ञता, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और इलाज के पैकेज की जानकारी एक ही पोर्टल पर मिलेगी। इससे बाहर से आने वाले मरीज अपनी जरूरत और बजट के अनुसार अस्पताल और उपचार का चयन कर सकेंगे।
योजना के तहत सुविधायुक्त अस्पतालों से सहमति लेकर उन्हें पोर्टल से जोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त अस्पतालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इलाज की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अलग-अलग उपचार पैकेज तैयार करने के साथ मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी बनाई जाएगी। योजना को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय समिति और एडवाइजरी कमेटी गठित करने तथा नोडल अधिकारी नियुक्त करने की तैयारी है।
मध्य एशिया, यूरोप व अफ्रीका पर नजर
इंदौर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों सहित कई बड़े निजी अस्पताल और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। एयर एम्बुलेंस, हवाई और रेल कनेक्टिविटी तथा होटल सुविधाएं भी मौजूद हैं। इसी आधार पर मध्य एशिया, यूरोप और अफ्रीकी देशों से मरीजों को इलाज के लिए मध्यप्रदेश लाने पर फोकस किया जा रहा है। महाकाल और ओंकारेश्वर आने वाले पर्यटकों को भी इस चिकित्सा नेटवर्क से जोड़ने की योजना है।
एलोपैथी के साथ आयुर्वेद व होम्योपैथी
मेडिकल टूरिज्म कॉरिडोर में आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुर्वेद और होम्योपैथी आधारित वेलनेस सेवाएं भी शामिल होंगी। इंश्योरेंस पोर्टेबिलिटी की सुविधा विकसित करने और सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम होगा। संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने विशेषज्ञों और अस्पताल प्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर योजना को विश्वसनीयता के साथ विकसित करने पर जोर दिया। इससे इंदौर को रीजनल मेडिकल हब के रूप में स्थापित करने के साथ विदेशी मरीजों के जरिए प्रदेश को आर्थिक लाभ भी मिल सकता है।


