Mp Global Investors Summit : फरवरी में भोपाल में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए एमपीआइडीसी ने इंदौर के साथ ही आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में करीब 900 हेक्टेयर जमीन का लैंड बैंक तैयार किया है। हालांकि जमीन के लिए कई बड़ी कंपनियां कतार में है। सिंगापुर व दक्षिण कोरिया की कंपनियों ने भी यहां अपनी इकाई खोलने के लिए जमीन की मांग की है।
एमपीआइडीसी के पास इस समय औद्योगिक क्षेत्र में जमीन उपलब्ध नहीं है। जिन कंपनियों को पूर्व में जमीन अलॉट की गई और जिन्होंने सालों बाद भी जमीन का उपयोग शुरू नहीं किया उन्हें नोटिस देकर अलॉटमेंट निरस्त करने का नोटिस देने की प्रक्रिया चल पड़ी है। एमपीआइडीसी की कार्यकारी निदेशक प्रीति यादव के मुताबिक, इंदौर व आसपास के इलाके में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा जा रहे है।
करीब 900 हेक्टेयर का लैंड बैंक तैयार है। समिट में आने वाली कंपनियों को इन जमीनों पर आवंटन किया जाएगा। औद्योगिक इलाकों में जमीन हासिल करने की लाइन में सिंगापुर व दक्षिण कोरिया की कंपनी शामिल है। मशीनरी सेक्टर में काम करने वाली विदेशी कंपनियां पहली इकाई इंदौर व आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में खोलना चाहती है, जिसके कारण जमीन की मांग की गई है।
पीथमपुर में दो नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित
कंपनियों की सबसे ज्यादा मांग इंदौर व आसपास के इलाके में जमीन की है। पीथमपुर में 7 सेक्टर विकसित किए गए, लेकिन एमपीआइडीसी के पास अब वहां जमीन नहीं हैं जबकि बड़ी कंपनियां निवेश के प्रस्ताव दे रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सेक्टर 7 के पास दो नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। निवेश प्रस्ताव देने वाली कंपनियों को जगह दी जाएगी। अन्य औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किए जा रहे हैं।
डाटा सेंटर को लेकर कवायद
जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एमपीआइडीसी औद्योगिक क्षेत्र में डाटा सेंटर विकसित करने की प्लानिंग भी है। अभी एक निजी डाटा सेंटर तैयार हुआ है, उज्जैन में भी डाटा सेंटर खोलने की मंजूरी हो चुकी है। यहां डाटा सेंटर खोलने के लिए कुछ कंपनियों ने रुचि दिखाई है, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।


