Lucknow Chandigarh Express : लखनऊ से हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ का सफर करने वाले यात्रियों को आगामी दिनों परेशानी हो सकती है। रेलवे के अलग-अलग मंडलों में निर्माण और तकनीकी कार्यों के चलते दिसंबर में लखनऊ से आने-जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इसके कारण यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
ट्रेनों से संबंधित नए शेड्यूल को लेकर रेलवे विभाग की तरफ से नोटिस जारी कर दिया है। ऐसे में आगामी दिनों में अगर सफर करना हो तो पहले रेलवे विभाग की वेबसाइट पर जाकर ट्रेन का पूरा शेड्यूल देख ले, क्योंकि मरम्मत का काम चलने के कारण कई ट्रेनों को रेलवे विभाग ने रूट को छोटा किया है।
यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के कारण लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को तीन दिनों तक चंडीगढ़ के बजाय सहारनपुर तक ही चलाया जाएगा। पुणे मंडल में रेल लाइन के रीमॉडलिंग कार्य के चलते पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस को भी निर्धारित समय से 3 घंटे 10 मिनट की देरी से रवाना किया जाएगा।
रेलवे के अनुसार लखनऊ जंक्शन से 10 से 12 दिसंबर तक चलने वाली ट्रेन नंबर 15011 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस सहारनपुर तक ही जाएगी। सहारनपुर से चंडीगढ़ के बीच इसका संचालन निरस्त रहेगा। वापसी में ट्रेन नंबर 15012 चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस 11 से 13 दिसंबर तक चंडीगढ़ के बजाय सहारनपुर से रवाना होगी। ऐसे में इस ट्रेन से हरियाणा व चंडीगढ़ जाने वाले के साथ पंजाब के यात्रियों को ट्रेन उपलब्ध नहीं हो सकेगी। ऐसे में यात्रियों को इन दिनों में दूसरे विकल्प के माध्यम से सफर करना होगा।


