Haryana Flood Board Meeting : हरियाणा सरकार द्वारा कृषि भूमि पर बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव से राहत दिलाने के प्लान तैयार किया है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने बारिश होने पर अनावश्यक पानी की निकासी की तुरंत ही व्यवस्था की जाएगी। इसी कड़ी में रोहतक जिले के कई गांवों में बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए परियोजनाओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली 58वीं फ्लड बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
इसी कड़ी में रोहतक के डीसी सतबीर सिंह ने सिंचाई विभाग द्वारा तैयार किए गए फ्लड एजेंडा के तहत प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया और प्रभावित गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों के बारे में फीडबैक लिया। सिंचाई विभाग द्वारा तैयार किए गए फ्लड एजेंडा के अनुसार पानी की निकासी के लिए सबसे निचले स्थान पर हौदी का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद पीवीसी पाइपल लाइन बिछाकर बरसाती पानी को लाखनमाजरा लिंक ड्रेन में डाला जाएगा।
गांव मदीना कोरसान की कृषि भूमि का निरीक्षण किया। यहां लगभग 1200 एकड़ कृषि भूमि से बरसाती पानी की निकासी के लिए आरसीसी पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस पाइपलाइन के माध्यम से पानी को लाखनमाजरा लिंक ड्रेन में डाला जाएगा। गांव गिरावड़ के पास लाखनमाजरा लिंक ड्रेन का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान ड्रेन के दोनों किनारों की मिट्टी बहकर तलहटी में जमा हो जाती है, जिससे ड्रेन की जल निकासी क्षमता प्रभावित होती है। परिणामस्वरूप बरसात के दिनों में पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा कर देता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार किए गए फ्लड एजेंडा के तहत ड्रेन के किनारों को पक्का करने के लिए आरसीसी वॉल का निर्माण प्रस्तावित है।
डीसी ने गांव खरैंटी की कृषि भूमि का निरीक्षण किया। यहां लगभग 700 एकड़ कृषि क्षेत्र से बरसाती पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए आरसीसी पाइपलाइन बिछाकर पानी को लाखनमाजरा लिंक ड्रेन में डालने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। गांव इंदरगढ़ में लिंक ड्रेन पर मौजूदा पाइप पुलिया के स्थान पर बॉक्स कलवर्ट का निर्माण करने का प्रस्ताव भी फ्लड एजेंडा में शामिल किया गया है। उपायुक्त ने इन सभी प्रस्तावित कार्यों का मौके पर निरीक्षण करते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


