Rajasthan Ration Scheme : राजस्थान में राशन वितरण का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत मिलने वाले है। अब राशन वितरण केंद्रों पर एक साथ दो माह का राशन मिलेगा। सरकार की तरफ से प्रत्येक राशन वितरण केंद्र पर पूरा राशन को भेज दिया है। रसद विभाग ने अलवर जिले के 750 से अधिक राशन डीलरों के पास अक्टूबर और नवंबर माह का राशन पहुंचा दिया है। अब उपभोक्ताओं को दोनों माह का राशन एक साथ वितरित किया जाएगा।
यदि किसी उपभोक्ता को अपने नियमित राशन डीलर के यहां से राशन नहीं मिल रहा है तो वह नजदीकी दूसरे राशन डीलर या जहां राशन उपलब्ध हो, वहां से भी राशन प्राप्त कर सकता है। राशन वितरण में देरी एसएफसी के गोदामों से खाद्यान्न उठाने के लिए वाहनों के टेंडर नहीं हो पाने के कारण हुई थी।
अब आपूर्ति सुचारू होने से उपभोक्ताओं को राहत मिली है। रसद विभाग के अनुसार दिसंबर माह का राशन भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। कुछ राशन डीलरों के पास राशन खत्म हो गया। ऐसे में उपभोक्ताओं को कुछ जगह परेशानी हुई। हालांकि रसद विभाग ने कहीं भी जाकर राशन लेने को कहा है। कुछ जगहों पर वितरण व्यवस्था धीमी है या कभी कभार ही राशन दुकान खुलती है, जिससे वितरण पिछड़ रहा है। लंबी लाइनें भी लग रही है।
डीएसओ महेश शर्मा का कहना है कि अक्टूबर-नवंबर माह का राशन सभी डीलर्स के पास पहुंच गया है। वितरण भी काफी हो गया है। यदि किसी डीलर के पास अनाज खत्म हो गया, तो पास की ही दूसरी राशन दुकान से जाकर ले सकते हैं। यदि किसी डीलर को राशन नहीं मिला है, तो वह विभाग से संपर्क कर सकते हैं, ताकि राशन उपलब्ध करवाया जा सके।


