Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

बालकानी के कबूतर और घर के तोते से फेफड़ों को खतरा, विशेषज्ञों ने दी सावधानी की सलाह

बालकानी के कबूतर और घर के तोते से फेफड़ों को खतरा, विशेषज्ञों ने दी सावधानी की सलाह

Bird Allergy : लोगों को अक्सर पक्षियों से काफी प्रेम होता है, लेकिन इन पक्षियों के कारण ही लोग सांस की बीमारी से ग्रस्त हो रहे है। तोते की आवाज या बालकनी में कबूतरों की गुटरगूं मन को सुकून देती है। लेकिन ये आपकी सांसों का दुश्मन बन रहे हैं। इनके पंखों से झड़ने वाले बारीक कण, त्वचा के सूक्ष्म अंश और बीट से निकलने वाले एलर्जेन हवा में घुलकर फेफड़ों तक पहुंच रहे हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से लगातार छींक, खांसी, सांस फूलने और फेफड़े से जुड़ी परेशानी हो रही है।

थोरैसिक सोसायटी ऑफ इंडिया के बिहार चैप्टर के अध्ययन में यह खतरा सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, पक्षियों के संपर्क में रहने वाले 40 फीसदी लोगों में एलर्जी की समस्या पाई गई हैं। सोसायटी ने पटना के अस्पतालों आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एम्स और सदर में भर्ती 5,66,875 मरीजों पर वर्ष 2024 से 2026 के बीच यह अध्ययन किया। इनमें करीब 2.65 लाख मरीजों (40 फीसदी) के घर में तोते या अन्य पक्षियों की मौजूदगी के कारण एलर्जी की समस्या सामने आई।

श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश सिन्हा ने बताया कि तोता या अन्य पक्षियों को पालने वाले लोगों में एलर्जी की समस्या अधिक देखी जाती है। खासकर, कबूतर अगर बालकनी या खिड़की पर बैठते हैं तो उनके पंखों और बीट के संपर्क में आने से एलर्जी होने की आशंका बढ़ जाती है।

पंखों से निकलते हैं बारीक कण

पीएमसीएच के श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. बीके चौधरी ने बताया कि पक्षियों के पंखों से बारीक सफेद कण निकलते हैं। यह सांस के जरिये सांस की नली में पहुंचकर एलर्जी पैदा कर सकते हैं। पक्षी चोंच से पंखों की सफाई करते हैं, लार में मौजूद प्रोटीन पंखों पर लग जाता है। सूखने के बाद यह हवा में फैलता है और शरीर में पहुंच सकता है।

बचाव के उपाय

पक्षियों की सूखी बीट या पंखों को झाड़ू से न बुहारें

सफाई से पहले सतह गीला करें। मास्क-दस्ताने पहनें।

पक्षियों के पिंजरे को खुली और हवादार जगह पर रखें।

छोटे बच्चे, बुजुर्ग और अस्थमा रोगी को पक्षियों से दूर रखें।

ये लक्षण दिखें तो सावधान

ऐसी खांसी, जो सामान्य दवाओं से ठीक नहीं हो रही हो।

सीढ़ियां चढ़ने पर सांस लेने में परेशानी और सीने में जकड़न ।

बार-बार छींक आना, नाक बंद होना या नाक बहना।

पक्षियों के साथ समय बिताने के बाद थकान, कमजोरी और बुखार।