Haryana Export Policy : हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। हरियाणा सरकार ने अब छोटे उद्योगों के माल को भी विदेश में निर्यात करने के लिए सुविधाएं बढ़ाने पर फोकस किया है। ऐसे में विदेशों में निर्यात बढ़ाने के लिए उद्योगों और एमएसएमई को बैंकों से ऋण मिलेगा। निर्यात फ्री योजना लागू होने के बाद उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिससे बैंक तथा वित्तीय संस्थान प्री-शिपमेंट और पोस्ट-शिपमेंट एक्सपोर्ट क्रेडिट, विदेशी मुद्रा ऋण-सरकारी गारंटी और ब्याज सब्सिडी योजना से ऋण मिलेगा।
इससे जिले गुरुग्राम के 1600 निर्यातकों को राहत मिलेगी। वहीं उद्योगों में रोजगार बढ़ने की संभावना बढ़ जाएगी। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) के महानिदेशक डॉ. यश गर्ग ने कहा कि निर्यातकों के लिए ऋण गारंटी योजना लागू है। इससे एमएसएमई और गैर-एमएसएमई निर्यातकों को मुक्त ऋण गारंटी सहायता का प्रावधान है।
कई सरकारी बैंक भी निर्यातकों को सहायता करेंगी। निर्यात प्रोत्साहन व निर्यात दिशा के तहत पात्र एमएसएमई निर्यातकों को शिपमेंट से पहले और बाद के निर्यात ऋण पर 2.75 प्रतिशत तक ब्याज सब्सिडी मिल सकती है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए 10 करोड़ रुपये तक गारंटी कवरेज के प्रावधान भी शामिल हैं।
प्री-शिपमेंट और पोस्ट-शिपमेंट ऋण मिलेगा
महानिदेशक ने कहा कि प्रदेश में सभी सरकारी और निजी बैंकों को निर्देश जारी किया गया है कि विदेशों में निर्यात करने वाले उद्योगों को बैंक ऑर्डर तैयार करने से लेकर माल भेजने और भुगतान मिलने तक के चरणों के लिए रुपये या अनुमत विदेशी मुद्रा में कार्यशील पूंजी व निर्यात ऋण दिया जाए। पहली बार निर्यात करने वालों, महिला उद्यमियों और ग्रामीण उत्पादकों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा। मुक्त व्यापार समझौतों के जरिए वैश्विक बाजारों तक पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
निर्यात बढ़ने से उद्योगों में रोजगार बढ़ेगा
उद्यमी मनोज जैन, विनोद कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से निर्यात को बढ़ावा देने के लिये बैंकों को निर्देश दिया है। छोटे उद्योगों को कच्चा माल खरीदने और पैकिंग के लिए पैसों की दूर होगी। इससे उद्योगों में काम की मांग बढ़ जाएगी। नए रोजगार की संभावना बढ़ेगी, तो कई देशों में निर्यात कर सकेंगे और इसका लाभ छोटे उद्योगों को मिलेगा। वहीं हरियाणा सरकार ने अगले पांच वर्षों में प्रदेश के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।
प्रदेश में गुरुग्राम का 40 प्रतिशत हिस्सेदारी
उद्योग विभाग के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में हरियाणा का मर्चेंडाइज निर्यात 20.57 अरब डॉलर रहा। हरियाणा के उत्पाद 200 से अधिक देशों समेत अन्य क्षेत्रों में जाते हैं, जिनमें अकेले गुरुग्राम की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत यानी 8.33 अरब डालर है। हरियाणा प्रोग्रेसिव एमएसएमई एंड एक्सपोर्ट प्रमोशन पॉलिसी-2026 के तहत 55,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश, पांच लाख से अधिक रोजगार और निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य है।