Gurugram GMDA : गुरुग्राम में अंडरपास व एफओबी का सुधारने का जिम्मा जीएमडीए द्वारा ले लिया गया है। पहले एनएचएआई के हवाले था, लेकिन अब जीएमडीए ने अपने अंडर ले लिया है। इसलिए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर निर्मित छह अंडरपास, दो एफओबी और दो एनएमटी की जिम्मेदारी गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) संभालेगा। जीएमडीए की तरफ से इनकी मरम्मत का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
इस राशि का भुगतान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करेगा। एनएचएआई ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर उद्योग विहार, इफको चौक, सिग्नेचर टावर, राजीव चौक, मेदांता रोड और हीरो होंडा चौक पर अंडरपास का निर्माण किया हुआ है। गत 27 अप्रैल को सड़क मंत्रालय के सचिव वी.उमाशंकर की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी।
इसमें आदेश जारी हुए थे कि अंडरपास, एफओबी, एनएमटी के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी जीएमडीए की तरफ से की जाएगी। जीएमडीए अधिकारियों ने इस बैठक में तर्क दिया था कि इन परियोजनाओं में कई कमियां हैं। इसको लेकर आदेश जारी हुए थे कि इन कमियों को दुरुस्त करने के लिए जीएमडीए की तरफ से इस्टीमेट तैयार किया जाएगा। इस राशि को एनएचएआई देगा। सब कुछ दुरुस्त करने के बाद एनएचएआई जीएमडीए को सौंप देगा। इसके बाद रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी जीएमडीए की रहेगी।
सितंबर के बाद जीएमडीए को सौंपा था
एनएचएआई के डीजीएम प्रांजल ने जीएमडीए सीईओ को सूचित किया कि 12 एफओबी, छह अंडरपास, दो एनएमटी और दो पीयूपी हैं, जिन्हें उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद सितंबर माह के अंत में जीएमडीए को सौंप दिया है। ऐसे में अब इस्टीमेट दिया जाए। इस राशि का भुगतान एनएचएआई की तरफ से किया जाएगा। इसके बाद रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी जीएमडीए की रहेगी।
एनएचएआई के अधिकांश एफओबी बदहाल
एनएचएआई की तरफ से लगाए गए अधिकांश एफओबी की हालत बदहाल अवस्था में है। सिग्नेचर टावर के समीप लगते एफओबी का तो एस्क्लेटर कई सालों से खराब पड़ा हुआ है। राजीव चौक और इफको चौक एफओबी की हालत ठीक नहीं है। नरसिंहपुर के समीप स्थित एफओबी कई जगह से क्षतिग्रस्त है।
जीएमडीए मुख्य अभियंता हेमंत यादव ने बताया कि जयपुर हाईवे के एफओबी, अंडरपास, एनएमटी और पीयूपी का सर्वे करवाया जाएगा। इनमें व्याप्त कमियों को दुरुस्त करने के लिए इस्टीमेट तैयार किया जाएगा। एनएचएआई से इस राशि को लिया जाएगा। देखरेख की जिम्मेदारी जीएमडीए की रहेगी।


