Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

गाजियाबाद में जमीन के नए सर्किल रेट की तैयारी शुरू, सर्वे के बाद शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट

गाजियाबाद में जमीन के नए सर्किल रेट की तैयारी शुरू, सर्वे के बाद शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट

Ghaziabad Circle Rate Revision : गाजियाबाद जिले में बाजार भाव से सर्किल रेट में बड़ा अंतर आ गया है। ऐसे में सर्किल रेट बढ़ाने की चर्चाएं ज्यादा चल रही है और प्रशासन की तरफ से भी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सर्किल रेट बढ़ाने के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है।

शहर की सीमा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों के आसपास जमीन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जबकि सरकारी सर्किल रेट में उसी अनुपात में बदलाव नहीं हुआ है। इस अंतर को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में नए सिरे से सर्वे कराने की योजना बनाई थी। इसके तहत एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम को बाजार भाव और मौजूदा सर्किल रेट का तुलनात्मक अध्ययन करना था।

शहर से सटे गांवों, मुख्य मार्गों और तेजी से विकसित हो रहे व्यावसायिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाना था। हालांकि, जनगणना और मतदाता सूची पुनरीक्षण के काम में अधिकारियों की व्यस्तता के कारण यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

दो साल से नहीं बढ़े सर्किल रेट

जिले में वर्ष 2024 में कुछ क्षेत्रों के सर्किल रेट में बदलाव किया गया था। वर्ष 2025 में दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई और पुरानी दरें ही लागू रखी गईं। अब नए सिरे से सर्वे कराकर बाजार भाव के अनुसार दरें निर्धारित करने की तैयारी है। चुनाव के बाद सर्वे शुरू होने और रिपोर्ट शासन को भेजे जाने की उम्मीद है। इसके बाद नए सर्किल रेट लागू करने पर फैसला लिया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में सर्किल रेट और बाजार भाव में काफी अंतर आ चुका है। नए सर्किल रेट तय करने के लिए तैयारी की जा रही है। सर्वे के बाद रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। इसका उद्देश्य बाजार में काले धन पर अंकुश लगाने के साथ राजस्व में बढ़ोतरी करना भी है।