Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

गाजियाबाद में 28 सड़कें होगी चकाचक, लोक निर्माण विभाग ने जारी किया टेंडर

गाजियाबाद में 28 सड़कें होगी चकाचक, लोक निर्माण विभाग ने जारी किया टेंडर

Uttar Pradesh Road News : गाजियाबाद की सड़क को चकाचक बनाने के लिए प्लान बनाया गया है। इसके लिए 28 सड़कों को शामिल किया गया है। जहां पर जिले के प्रत्येक गांव से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसके लिए निर्माण विभाग ने टेंडर निकाला है। फिलहाल सड़कों में गड्ढे होने से लोगों को परेशानी हो रही है।

मोदीनगर, लोनी और मुरादनगर क्षेत्र के संपर्क मार्ग बदहाल हैं। सड़कें गड्ढों में तब्दील होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गड्ढे होने से उनमें दोपहिया वाहन सवार के गिरने का डर रहता है, क्योंकि पूर्व में इस तरह हादसे हो चुके हैं। वाहन चालकों को रात में अंधेरा होने के चलते सड़कों के गड्ढे दिखाई नहीं देते। संपर्क मार्गों की मरम्मत लंबे समय से नहीं कराई है।

इस कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोग लोक निर्माण विभाग से सड़कों की मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। विभाग ने पिछले दिनों जनपद की बदहाल सड़कों को चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजा था। शासन ने लगभग 28 और सड़कों की मरम्मत कराने के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत के लिए टेंडर निकाला है। एक माह में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इससे लोगों को राहत मिलेगी।

गाजियाबाद जिले की यह सड़क बनेगी

लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन रामराजा ने बताया मोदीनगर-हापुड़ मार्ग से मछरी मार्ग की मरम्मत कराई जाएगी। बंधला-ढिकौली मार्ग किलोमीटर तीन से सिकरानी मार्ग, मोदीनगर-शाहजहांपुर से बखरवा मार्ग, मोदीनगर-निवाड़ी मार्ग, भोजपुर-पिलखुआ मार्ग, शहजादपुर से सरना मार्ग, सारा-गवाड़ी मार्ग, सैदपुर से हदयपुर भंडौला मार्ग, फजलगढ़ से फलौता रजवाहे की पटरी, निवाड़ी से गून मार्ग, बंधला-ढिकौली किलोमीटर दो से सिकरानी मार्ग, डुहरी अबलपुरा से रामपुर मार्ग की मरम्मत होगी।

हादसों में कमी होने की उम्मीद

सड़कों की मरम्मत से जहां लोगों को राहत मिलेगी, वहीं सड़क हादसों में कमी होने की उम्मीद है। वाहन चालक सरपट और सुरक्षित सफर करेंगे। लोक निर्माण विभाग कई सड़कों पर स्पीड ब्रेकर भी लगाएगा। सड़कों पर अभी गड्ढे होने से सबसे ज्यादा परेशानी ई-रिक्शा चालक और दोपहिया वाहन सवारों को उठानी पड़ रही है।