Bank Service Charges : नकदी जमा करवाने को लेकर बैंक द्वारा सर्विस चार्ज में बदलाव किया गया है। इसके लिए बैंक की तरफ से गाइडलाइन जारी कर दी गई है। इसमें सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से कैश हैंडलिंग सर्विस चार्ज में संशोधन किया गया है। शाखा के अधिकारियों ने बताया कि बैंक की संशोधित शुल्क सूची के अनुसार बचत खाते, चालू खाते और सीसी/ओडी खातों में नकद जमा कराने के शुल्क में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही नोटों और सिक्कों की संख्या के आधार पर लगने वाले कैश हैंडलिंग चार्ज की अधिकतम सीमा भी बढ़ाई गई है।
दो लाख रुपये तक बचत खाते में निशुल्क होंगे जमा
संशोधित शुल्क के अनुसार बचत खाते में प्रतिदिन 2 लाख रुपए तक नकद जमा कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। इससे अधिक राशि जमा कराने पर प्रति 1000 रुपए पर 1.50 रुपए शुल्क देना होगा। इसके लिए न्यूनतम शुल्क 25 रुपए और अधिकतम 10 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। इसके अलावा महीने में पांच नकद लेनदेन निशुल्क रहेंगे। इसके बाद गैर-डिजिटल माध्यम से किए जाने वाले प्रत्येक लेनदेन पर 25 रुपए शुल्क लगेगा।
नोट और सिक्के जमा कराने पर अधिकतम शुल्क 20 हजार रुपए
बैंक की ओर से नोटों और सिक्कों की संख्या के आधार पर लगने वाले कैश हैंडलिंग शुल्क में भी संशोधन किया गया है। एक हजार पीस तक नकदी जमा कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। इससे अधिक होने पर प्रत्येक 100 पीस पर 10 रुपए शुल्क लिया जाएगा। इस मद में अधिकतम शुल्क की सीमा पहले 10 हजार रुपए थी, जिसे बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दिया गया है।
बैंक की संशोधित सूची में नकद जमा और कैश हँडलिंग से संबंधित विभिन्न शुल्कों में बदलाव किया गया है। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को सलाह दी गई है कि नकदी जमा कराने से पहले अपने खाते की श्रेणी के अनुसार लागू सर्विस चार्ज की जानकारी बैंक शाखा से प्राप्त कर लें।
चालू खाते में एक लाख रुपए तक नकद जमा निशुल्क
चालू खाते और कैश क्रेडिट /ओवरड्राफ्ट खातों में नकद जमा कराने के नियमों में भी बदलाव किया गया है। नए शुल्क के अनुसार प्रतिदिन एक लाख रुपए तक नकद जमा कराने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। एक लाख से अधिक और दो लाख रुपए तक नकद जमा कराने पर 100 रुपए शुल्क लगेगा। वहीं, दो लाख रुपए से अधिक जमा कराने पर प्रति 1000 रुपए पर 1.50 रुपए शुल्क लिया जाएगा। इसके लिए न्यूनतम 50 रुपए और अधिकतम 30 हजार रुपए की सीमा निर्धारित की गई है। यह शुल्क एक दिन में जमा की गई कुल नकदी के आधार पर लागू होगा।


