Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

सोना-चांदी सस्ता होते ही बदले हालात, पुराने भाव पर जेवर लेने से पीछे हट रहे ग्राहक, पुराने सौदों पर फंसे ज्वेलर

सोना-चांदी सस्ता होते ही बदले हालात, पुराने भाव पर जेवर लेने से पीछे हट रहे ग्राहक, पुराने सौदों पर फंसे ज्वेलर

Gold Jewellery Market : सोना व चांदी के भाव में लगातार गिरावट ने ग्राहकों के साथ ज्वेलर को उलझा दिया है। सोने- चांदी के भाव में आई भारी गिरावट ने ज्वेलरों और ग्राहकों के बीच खींचतान की स्थिति पैदा कर दी है। शादियों का सीजन चल रहा है और जिन परिवारों ने छह महीने पहले ऊंचे भाव पर शादी के लिए जेवरात की बुकिंग कराई थी, वे अब पुराने सौदे से पीछे हटने लगे हैं। सोने के दाम में तब से अब तक करीब 30 से 35 हजार रुपये प्रति तौला और चांदी के भाव में 50 से 60 हजार रुपये प्रति किलो तक की गिरावट आ चुकी है।

ऐसे में ग्राहक पुराने भाव पर जेवरात लेने के बजाय मौजूदा दरों के हिसाब से खरीदारी करना चाहते हैं। इसका सीधा असर ज्वेलरों के कारोबार पर पड़ रहा है। कई परिवारों ने शादी के दरअसल, लिए करीब छह महीने पहले ही जेवरात की बुकिंग कर दी थी। उस समय उन्हें आशंका थी कि दीवाली के आसपास सोने के भाव और बढ़ सकते हैं।

शादी तक कीमतें और ऊपर जाने के डर से उन्होंने पहले ही सौदा तय कर लिया। ज्वेलरों ने भी बुकिंग के समय कुल रकम का करीब 50 प्रतिशत एडवांस लेकर उसी हिसाब से सोना खरीद लिया था। लेकिन अब बाजार का रुख उलटा हो गया है। भाव गिरने के बाद ग्राहक पुराने रेट पर जेवरात लेने को तैयार नहीं हैं।

स्थानीय ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रधान दीपक वर्मा ने बताया कि मौजूदा स्थिति में ज्वेलरों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। अधिकतर ज्वेलरों ने चांदी करीब सवा दो लाख रुपये प्रति किलो के भाव पर खरीद रखी है। अब भाव डेढ़ लाख के करीब आ चुका है। वहीं सोने की बुकिंग करने वाले परिवार अब सौदे रद करवाने आ रहे हैं। मगर उनकी बुकिंग के हिसाब से सभी ने सोना खरीद रखा है तो वे क्या करेंगे। वहीं ज्वेलर रोहताश वर्मा, सुनील वर्मा और सन्नी वर्मा ने बताया कि हर ज्वेलर के पास इन दिनों यही परेशानी है।

अलग-अलग बहाने

ज्वेलरों के मुताबिक, कोई कह रहा है कि शादी टल गई तो कोई दूसरे खर्च आने की बात कह रहा है। कुछ ग्राहक तो साफ कह रहे हैं कि पुराने भाव पर सौदा नहीं करेंगे। इससे मुश्किल खड़ी हो गई है। एक तरफ ग्राहकों को पुराने सौदे पर कायम रखने की चुनौती है तो दूसरी तरफ उनके पास पहले से खरीदा हुआ सोना और चांदी पड़े हैं।

एक ग्राहक परिवार ने बताया कि उन्होंने करीब 1.68 लाख रुपये के भाव पर सोने के जेवरात खरीदे थे। अब भाव 1.20 लाख रुपये से भी नीचे आ चुका है। ऐसे में 10 तोले सोने के हिसाब से चार लाख रुपये से ज्यादा का अंतर पड़ रहा है।