Train Coach Increase : दिसंबर माह में संभावित अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे प्रशासन ने 47 जोड़ी रेलसेवाओं में 131 अतिरिक्त डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की है। इसमें भिवानी जंक्शन से संचालित होने वाली और यहां से गुजरने वाली नौ जोड़ी प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं। इस निर्णय से सर्दियों की छुट्टियों और साल के अंत में यात्रा करने वाले भिवानी व आसपास के यात्रियों को कंफर्म सीट और वर्थ मिलने में बड़ी सहूलियत होगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार यह अस्थायी व्यवस्था दिसंबर की शुरुआत से लेकर जनवरी के पहले सप्ताह तक अलग अलग तिथियों में प्रभावी रहेगी। भिवानी से सीधा जुड़ाव रखने वाली इन नौ जोड़ी रेलसेवाओं में कुल 28 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जा रहे हैं।
इसमें दैनिक और कम दूरी के यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए भिवानी कालका, भिवानी ढेहर का बालाजी और भिवानी- मधुरा रेलसेवाओं में तीन तीन साधारण श्रेणी के डिब्बे बढ़ाए गए हैं। इसी तरह हिसार-जयपुर और जयपुर-बठिंडा रेलसेवाओं में चार चार तथा रेवाड़ी हिसार पैसेंजर ट्रेन में सर्वाधिक पांच साधारण श्रेणी के डिब्बों की बढ़ोतरी की गई है।
लंबी दूरी के यात्रियों को भी राहत देते हुए दिल्ली बठिंडा एक्सप्रेस में एक द्वितीय शयनयान (स्लीपर) और अजमेर अमृतसर की दोनों जोड़ी रेलसेवाओं में एक एक थर्ड एसी इकोनामी श्रेणी का डिब्बा जोड़ा जा रहा है। भिवानी से कालका, जयपुर, मथुरा, दिल्ली, बठिंडा और अमृतसर जैसे प्रमुख धार्मिक व व्यावसायिक शहरों की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को इन अतिरिक्त कोचों से वेटिंग टिकट की समस्या से निजात मिलेगी और सफर अधिक सुगम हो सकेगा।
प्रतिदिन 10 हजार यात्री करते हैं सफर
गाड़ी संख्या 15307-15308 तिलकब्रिज-सिरसा-तिलकब्रिज हरियाणा एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए एक थर्ड एसी इकोनामी (उई) श्रेणी का डिब्बा स्थायी रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार यह नई व्यवस्था तिलकब्रिज से एक दिसंबर 2026 से तथा सिरसा से दो दिसंबर 2026 से लागू हो जाएगी।
इस कदम से कम बजट में वातानुकूलित और आरामदायक सफर की राह आसान होगी। भिवानी जंक्शन से प्रतिदिन आठ से 10 हजार यात्री यात्रा करते हैं। दिल्ली के लिए भी प्रतिदिन 500 से 600 यात्री यात्रा करते हैं। यात्रियों के लिए यह सुविधा बहुत ही फायदेमंद होगी।
तिलकब्रिज-सिरसा एक्सप्रेस में थर्ड एसी समेत भिवानी में रेलगाड़ियों की सुविधा और बढ़ाई जा रही है। इससे यात्रियों को फायदा होगा। सफर सुहाना होगा। अकेले भिवानी से ही सैकड़ों यात्री दिल्ली के लिए यात्रा करते हैं।
हरीश गोस्वामी, सदस्य रेलवे सलाहकारी समिति बीकानेर मंडल।