Haryana Tourism : हरियाणा के शहरों में लोगों की सुविधा के लिए पुराने झील व पार्कों को विकसित किया जा रहा है। हरियाणा के नए जिला बने हांसी की झील को प्रदेश सरकार द्वारा चंडीगढ़ की सुखना लेक की तर्ज पर विकसित करने की योजना बनाई है। जहां पर पानी पर तैरती बोट, किनारों पर रंग-बिरंगी रोशनी और हरियाली के बीच सैर करते लोग दिखाई देंगे।
सरकारी मंजूरी मिलने के बाद नगर परिषद ने झील और आसपास के पार्क के सुंदरीकरण के लिए चार करोड़ 81 लाख रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। आठ दिसंबर को टेंडर खुलेगा। एजेंसी के चयन और वर्क आर्डर जारी होने के बाद काम शुरू हो सकेगा।
आमटी झील को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना लंबे समय से अटकी हुई थी। नगर परिषद ने आर्किटेक्ट कर्म से झील और पार्क का डिजाइन तैयार करवाकर प्रस्ताव शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय भेजा था। वहां से कुछ आपत्तियां लगाई गई थीं। परिषद ने जरूरी संशोधन कर फाइल दोबारा भेजी।
अब मंजूरी मिलने से परियोजना के अगले चरण का रास्ता खुल गया है। टेंडर खुलने के बाद आवेदन करने वाली एजेंसियों के दस्तावेजों और निर्धारित शर्तों की जांच होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर चयनित एजेंसी को काम सौंपा जाएगा। हालांकि, झील की बदली तस्वीर देखने के लिए शहरवासियों को अभी इन औपचारिकताओं और निर्माण कार्य पूरा होने का इंतजार करना होगा।
दो बोट, किनारों पर ग्रिल और बैठने की व्यवस्था
झील को चंडीगढ़ की सुखना लेक की तर्ज पर विकसित करने का प्रस्ताव है। बोटिंग के लिए दो बोट रखी जाएंगी। सुरक्षा के लिए चारों ओर स्टील की ग्रिल और परिसर में आकर्षक लाइटें लगाने की योजना है। लोगों की सैर के लिए वाकिंग पाथ बनाया जाएगा। जगह-जगह बैठने की व्यवस्था भी होगी, ताकि परिवार के साथ आने वाले लोग यहां समय बिता सकें।
होगी पुराने रास्तों की मरम्मत
पार्क में बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा के लिए पार्किंग और रिफ्रेशमेंट जोन विकसित किया जाएगा। परिसर में धौलपुर पत्थर लगाने तथा दीवारों पर आकर्षक डिजाइन बनाने का प्रस्ताव है। नए पौधे लगाने के साथ पुराने रास्तों की मरम्मत भी की जाएगी।
नगर परिषद हांसी के चेयरमैन प्रवीन ऐलावादी ने बताया कि आमटी झील के सुंदरीकरण की मंजूरी मिल चुकी है। चार करोड़ 81 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है, जो आठ दिसंबर को खुलेगा। नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर चयनित एजेंसी को वर्क आर्डर दिया जाएगा।
2019 में भी खर्च हुए थे 2.40 करोड़
स्वर्ण जयंती पार्क योजना के तहत वर्ष 2019 में झील और पार्क के सुधार पर करीब दो करोड़ 40 लाख रुपये खर्च हुए थे। इसके बावजूद सभी प्रस्तावित कार्य पूरे नहीं हुए और कई व्यवस्थाएं अधूरी रहीं। नई परियोजना के साथ इस बार काम पूरा होने की उम्मीद बढ़ी है।