Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा के 18 गांवों के किसानों ने मार्केट रेट पर मांगा मुआवजा, बिजली लाइन के लिए होगा अधिग्रहण

हरियाणा के 18 गांवों के किसानों ने मार्केट रेट पर मांगा मुआवजा, बिजली लाइन के लिए होगा अधिग्रहण

High Tension Line Compensation : हरियाणा में बिजली लाइन को लेकर होने वाले जमीन अधिग्रहण को लेकर किसान लगातार आंदोलनरत है। जहां पर किसान मार्केट रेट पर जमीन का मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे है। जाजी से खरखौदा आइएमटी तक प्रस्तावित हाईटेंशन बिजली लाइन से प्रभावित 18 गांवों के किसानों की समस्याओं और मुआवजे को लेकर उपायुक्त के साथ बैठक हुई। बैठक में भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र तथा दहिया खाप के प्रधान उमेश दहिया ने किसानों के साथ पहुंचकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

किसानों ने आरोप लगाया कि हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) द्वारा मार्केट रेट के अनुसार मुआवजा देने की नीति की अनदेखी कर किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। इस मुद्दे पर इससे पूर्व तीन अप्रैल, 22 अप्रैल और 21 भी उपायुक्त को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन समाधान न होने पर किसानों ने दोबारा प्रशासन का दरवाजा खटखटाया।

किसानों ने स्पष्ट मांग रखी कि उन्हें उनकी जमीन का वास्तविक बाजार मूल्य के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाए। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र लोचब ने कहा कि जिस तर्ज पर माहरा से कटलूपुर-झांझोली लाइन से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया गया है, उसी

आधार पर इन 18 गांवों के किसानों को भी उचित मुआवजा मिलना चाहिए। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आपसी फूट डालने और हक की लड़ाई में दलाली करने वाले तत्वों से सावधान रहें।

दहिया खाप के प्रधान उमेश सिंह दहिया ने कहा कि प्रभावित 18 गांवों में से कई गांव दहिया खाप के अंतर्गत आते हैं और किसानों के हकों के लिए पिछले तीन वर्षों से संघर्ष जारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जब तक किसानों को वास्तविक मार्केट रेट नहीं मिल जाता, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। बैठक में सूरज दलाल, दलशेर बांगड़, कर्नल अशोक, राजीव दहिया, जगबीर दहिया व अन्य किसान मौजूद रहे।