Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

यमुनापार खादर के 25 गांवों को सौगात, मोहना बस अड्डे से बढ़ेगी रोडवेज सुविधा, चंडीगढ़ सहित अन्य शहरों तक बढ़ेगा बस नेटवर्क

यमुनापार खादर के 25 गांवों को सौगात, मोहना बस अड्डे से बढ़ेगी रोडवेज सुविधा, चंडीगढ़ सहित अन्य शहरों तक बढ़ेगा बस नेटवर्क

Haryana Roadways : हरियाणा रोडवेज द्वारा अपनी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। जहां पर ग्रामीण क्षेत्र में बस की सुविधा देने के लिए नए बस स्टैंड व नए रूट पर बसों का संचालन किया जा रहा है। अभी बस अड्डे का उद्घाटन होना बाकी है। इसके शुरू होने से मोहना और आसपास के 25 गांवों के ग्रामीणों को सर्दी, धूप और वर्षा में खुले आसमान के नीचे खड़े होकर बसों के आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

विधायक मूलचंद शर्मा जब परिवहन मंत्री थे तब उन्होंने मोहना गांव में बस अड्डा बनाने की योजना को मंजूरी दी थी। यहां पर डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डा बनाया गया है। अब यह पूरी तरह से बन कर तैयार हो चुका है। बस अड्डे को रोडवेज विभाग ने लोकनिर्माण विभाग से अपने नियंत्रण में ले लिया है। यहां से बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया है। बस अड्डे का नाम आनलाइन उद्घाटन के लिए चंडीगढ़ भेजा जा चुका है। किसी भी दिन इसका उद्घाटन किया जा सकता है।

बस अड्डा बनने से इन गांवों को मिला लाभ

मोहना गांव यमुनापार खादर के 15 गांवों का केंद्र है। खादर में 15 गांव बागपुर, भूड़, माला सिंह का फार्म, चंडीगढ़ खादर, सोलडा, भोलडा, दोस्तपुर, राजूपुर, नंगलिया, खेड़ली पड़ते हैं। हीरापुर, बलई, मोहना, जल्हाका, कुलैना, छांयसा, अमरपुर के ग्रामीण यहां से बसों में बैठ कर बल्लभगढ़ व पलवल आ-जा सकते हैं। कुछ दिन बाद में यहां से सीधी चंडीगढ़ व अन्य शहरों के लिए बसों का संचालन किया जा सकता है।

हरियाणा रोडवेज फरीदाबाद महाप्रबंधक जितेंद्र यादव ने बताया कि मोहना बस अड्डे के लिए चार बस पलवल डिपो से और चार बस फरीदाबाद डिपो से चलाई जा रही हैं। हर वर्ष के चार फेरे हैं। यानि कि 16 फेरे पलवल और 16 फेरे बल्लभगढ़ से लगाए जा रहे हैं। एक घंटे बाद की सर्विस है। एक बस पलवल डिपो की यमुना पार खादर सोलडा के लिए सुबह जाती है। बसों की संख्या में बाद में बढ़ाई जा सकती हैं। बस अड्डे का उ‌द्घाटन होना अभी बाकी है।