Gurugram Elevated Road : हीरो होडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के जमा कार्य के रूप में इसका निर्माण करेगा। परियोजना पर आने वाला पूरा खर्च जीएमडीए वहन करेगा। इससे न केवल निर्माण की प्रक्रिया तेज होगी, बल्कि नए सिरे से अध्ययन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में लगने वाला समय भी बचेगा।
गुरुग्राम पटौदी-रेवाड़ी हाईवे पर प्रस्तावित 2.24 किलोमीटर लंबे छह लेन एलिवेटेड कारिडोर की अनुमानित लागत 455.22 करोड़ है। यह परियोजना दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे के बीच संपर्क को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पिछले महीने सरकार ने परियोजना की जिम्मेदारी जीएमडीए को सौंपी थी। जीएमडीए ने प्रस्ताव दोबारा तैयार कर एनएचएआइ से निर्माण कराने की सिफारिश की। प्रदेश सरकार ने जीएमडीए के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब जीएमडीए धन उपलब्ध कराएगा और एनएचएआइ निर्माण कार्य को आगे बढ़ाएगा। परियोजना के लिए जीएमडीए करीब 116.55 करोड़ रुपये खर्च कर चुका है।
दिल्ली-गुरुग्राम व द्वारका एक्सप्रेसवे को मिलेगा बेहतर संपर्क
हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक का मार्ग दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, निर्माणाधीन गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे और द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ा है। इस मार्ग पर लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए एलिवेटेड कारिडोर की योजना तैयार की गई थी। एलिवेटेड रोड बनने से स्थानीय और लंबी दूरी के यातायात को अलग-अलग करने में मदद मिलेगी।
इससे झज्जर और कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को भी बेहतर संपर्क मिलेगा। परियोजना का उद्देश्य सड़क की क्षमता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-आठ पर यातायात का दबाव कम करना है। बता दें कि सड़क को छह लेन करने की योजना वर्ष 2017 में स्वीकृत हुई थी। शुरुआत में उमंग भारद्वाज चौक पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव था और 2019 में निर्माण शुरू होना था। डिजाइन में बदलाव व निर्णय में देरी से परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
जीएमडीए सीईओ दुष्यंत कुमार बेहेरा ने बताया कि परियोजना को मंजूरी मिलना इसके क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे गुरुग्राम के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।