Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, जमीन रजिस्ट्री में खत्म हुई अलग एनओसी आवेदन प्रक्रिया

हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, जमीन रजिस्ट्री में खत्म हुई अलग एनओसी आवेदन प्रक्रिया

Haryana Property Registry : हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कदम उठाया है। हरियाणा के शहरी क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री के लिए सरकार ने एनओसी आवेदन की अलग प्रक्रिया खत्म कर दी है। हरियाणा विकास एवं शहरी क्षेत्र विनियमन अधिनियम, 1975 की धारा 7ए के तहत एनओसी के लिए अब अलग से आवेदन जमा नहीं करना होगा।

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के एनओसी पोर्टल को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल से जोड़ा गया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के महानिदेशक डा. जे गणेशन ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। नए प्रविधान के तहत अधिनियम की धारा 7ए में अधिसूचित शहरी क्षेत्र में आने वाली एक एकड़ से कम जमीन की बिक्री, लीज, गिफ्ट या अदला-बदली के दस्तावेज पंजीकृत कराने के लिए आवेदक को राजस्व विभाग के आनलाइन पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

आवेदक को रजिस्ट्री के लिए दस्तावेजों का मसौदा (ड्राफ्ट डीड) और जरूरी कागजात-जमाबंदी, सिजरा प्लान, इंतकाल, गिरदावरी तथा विक्रेता और खरीदार का शपथ पत्र अपलोड करना होगा। इसके बाद आनलाइन टोकन जारी होगा। एनओसी के लिए अलग से आवेदन देने की जरूरत नहीं रहेगी।

आदेश के अनुसार, आनलाइन आवेदन संबंधित उप-पंजीयक (सब रजिस्ट्रार) के पास पहुंचेगा। उप-पंजीयक इसे संबंधित जिला नगर योजनाकार इंफोर्समेंट (डीटीपीई) को भेजेंगे। वहां से आवेदन विभाग के एनओसी पोर्टल पर जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसकी जांच होगी। तय समय सीमा में आवेदन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

एनओसी मंजूर होने या आवेदन खारिज होने पर सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर वाला पत्र अपने आप राजस्व विभाग के आनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध होगा। संबंधित उप-पंजीयक भी उसे देख सकेंगे और आगे की कार्रवाई कर सकेंगे। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि तत्काल श्रेणी के आवेदनों और टोकन का निपटारा हर हाल में तीन दिन के भीतर किया जाए। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। नई व्यवस्था से रजिस्ट्री से पहले एनओसी लेने में लगने वाला अतिरिक्त समय घटने और आवेदकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।