Haryana High Tech School : प्रदेश में सुपर 100 में चयनित होनहारों को सरकार की तरफ से तोहफा मिलने जा रहा है। कुरुक्षेत्र में 25 एकड़ जमीन पर हाईटेक स्कूल बनने जा रहा है। जिसमें न केवल होनहारों के लिए अतिरिक्त सीटें होगी अपितु उनके लिए प्रयोगशाला, लेक्चर लैब व पुस्तकालय सहित अन्य सुविधाएं भी होगी।
खास बात है कि होनहारों के अभिभावकों के ठहरने की व्यवस्था भी इस हाईटेक स्कूल में होगी, ताकि अभिभावकों को भी दर-दर भटकना न पड़े। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायव सिंह सैनी ने इसकी मंजूरी दे दी है। साथ ही कुरुक्षेत्र जिले के उपायुक्त को जल्द से जल्द 25 एकड़ जमीन को चयनित कर रिपोर्ट देने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। उपायुक्त जमीन फाइनल कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेंगे।
दो हजार क्षमता का बनेगा विशेष आडिटोरियम
सरकार की तरफ से उपरोक्त स्कूल के अंदर हाईटेक आडिटोरियम भी बनाया जाएगा। जिसमें दो हजार लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही पूर्णतः वातानुकूलित होगा।
नए शैक्षणिक सत्र से चार जिलों में बनेगा हास्टल
नए शैक्षणिक सत्र से मिशन बुनियाद में शामिल होनहारों के लिए हास्टल की सुविधा भी शुरू की जाएगी। पहले फेज में गुरुग्राम व कुरुक्षेत्र है, जबकि दूसरे फेज में हिसार व पानीपत है। प्रति हास्टल नौवीं कक्षा के 200 और 10वीं के भी 200 होनहार ठहर सकेंगे। कुल मिलाकर एक हास्टल में कुल 400 सीटें होगी।
मिशन बुनियाद के तहत नौवीं व 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए सरकार ने नया एप भी लांच किया है। जिसका नाम मिशन बुनियाद रखा गया है। इस एप में होनहार यदि घर जाकर तैयारी करता है तो स्कूल की वीडियो भी देख सकता है, ताकि विद्यार्थी अपडेट हो जाए। एप में कक्षा की हर गतिविधि अपलोड हो जाती है। न केवल कक्षा की गतिविधियां अपितु सहायक पेपर, नोट्स और अन्य सामग्री भी एप में मिलेगी। ताकि विद्यार्थी एप पर क्लिक कर अपनी तैयारी को और भी बेहतरीन बना सकें।
पंचकूला शिक्षा निदेशालय के प्रधान सचिव विजय दहिया ने बताया कि मिशन बुनियाद व सुपर 100 के होनहारों के लिए कुछ बड़े कदम उठाए गए हैं। कुरुक्षेत्र में हाईटेक स्कूल, मिशन बुनियाद एप जैसे उदाहरण हैं। केंद्र से घर तक आने-ले जाने के लिए ट्रांसपोर्ट को लेकर मंथन किया जा रहा है, ताकि बच्चा सफर के दौरान कहीं ड्राप न कर दें।


