Khadi Jacket Trend : फैशन की दुनिया में जहां कभी विदेशी ब्रांड और महंगे विंटर वियर युवाओं की पहली पसंद होते हैं, वहीं अब देसी फेब्रिक भी स्टाइल की नई पहचान बन रहा है। खास बात यह है कि खादी अब सिर्फ नेताओं या पारंपरिक पहनावे तक सीमित नहीं रही, बल्कि जेन जी भी इसे अपने विंटर वार्डरोब का हिस्सा बना रही है। जींस, ट्राउजर और कैजुअल आउटफिट के साथ खादी जैकेट पहनकर युवा देसीपन को मॉडर्न अंदाज में पेश कर रहे है। उनके लिए यह सिर्फ ठंड से बचने का कपड़ा नहीं, बल्कि अपनी पसंद और पहचान दिखाने का तरीका भी बन रहा है।
जैकेट के साथ शर्ट में भी खादी का नया प्रयोग
इस विंटर सीजन में खादी को केवल पारंपरिक जैकेट तक सीमित नहीं रखा गया है। इस बार वूलन खादी जैकेट के साथ शर्ट भी तैयार की गई हैं। इससे युवाओं को एक ही फेब्रिक में अलग-अलग स्टाइल अपनाने का विकल्प मिल रहा है। शर्ट को ट्राउजर या डेनिम के साथ पहनकर कैजुअल लुक दिया जा सकता है, जबकि जैकेट को फॉर्मल और सेमी-फॉर्मल दोनों अंदाज में इस्तेमाल किया जा रहा है। खादी के टेक्सचर और सादगी को पसंद करने वाले युवा इसे अपने नियमित पहनावे में शामिल कर रहे हैं।
सीजन में 5 हजार पीस की बिक्री
शहर में खादी जैकेट की बढ़ती मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है जीवाजीगंज स्थित मध्य भारत खादी संघ द्वारा हर साल करीब 5 हजार पीस की बिक्री की जाती है। संघ के मंत्री रमाकांत शर्मा के अनुसार हर बार सीजन में इसकी मांग में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पहले जहां खादी जैकेट का इस्तेमाल खास अवसरों या औपचारिक कार्यक्रमों में अधिक होता था, वहीं अब युवा इसे कॉलेज, ऑफिस, मीटिंग में पहनने के लिए भी पसंद कर रहे हैं। शर्मा के अनुसार कई बार मांग अधिक होती है, तो पीस भी कम पड़ जाते हैं।
देसी फैब्रिक में स्टाइल के साथ जुड़ रही स्वदेशी सोच
खादी की लोकप्रियता के पीछे सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि स्वदेशी उत्पादों के प्रति बढ़ती रुचि भी एक वजह मानी जा रही है। युवा अब ऐसे कपड़ों की तलाश कर रहे हैं, जिनमें आधुनिक डिजाइन के साथ भारतीय पहचान भी नजर आए। खादी जैकेट इसी पसंद को पूरा कर रही है। खास बात यह है कि जेन जी इसे किसी ट्रेंड की नकल के बजाय अपनी अलग स्टाइल पहचान के रूप में अपना रही है। इस तरह सर्दियों में खादी ने परंपरा और मॉडर्न फैशन के बीच एक नया मेल तैयार कर दिया है।


