Haryana Airport Expansion Project : हरियाणा में सड़क मार्ग के नेटवर्क का मजबूत करने के साथ अब हवाई सेवाओं के विस्तार करने पर सरकार का फोकस है। जहां पर हरियाणा के प्रत्येक शहर में हवाई पट्टी का निर्माण किया जाएगा, वहीं पहले से बने हुए एयरपोर्ट का विस्तार होगा। हिसार में बना एयरपोर्ट को नया रूप दिया जाएगा। शंख आकार के नए टर्मिनल बनाए जाएंगे और इस पर तेजी से काम हो रहा है।
हिसार के एयरपोर्ट पर नए पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो बिल्डिंग, एटीसी ब्लॉक और प्रशासनिक भवन का काम जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पूरा प्रोजेक्ट अप्रैल 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सालाना करीब 16 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित होगी। 503 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला नया पैसेंजर टर्मिनल शंख के आकार का होगा। इससे भविष्य में मुंबई, गोवा सहित अन्य बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने का रास्ता खुलने की उम्मीद है। इसके बाद देश के हर शहर से हिसार को जोड़ने का काम किया जाएगा।
पांच की जगह पर तीन पर ही उड़ान जारी
महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट हिसार से पांच रूटों पर हवाई सेवा शुरू होने के ऐलान के बाद फिलहाल तीन रूटों पर ही उड़ानें जारी हैं। इनमें अयोध्या, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए एलायंस एयर की सेवाएं चल रही हैं। अभी अहमदाबाद और जम्मू रूटों पर सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2025 को एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए पहली बार अयोध्या फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई थी। 14 अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच 551 उड़ानों का संचालन हुआ और 9,690 यात्रियों ने सफर किया, जिनमें सबसे अधिक यात्री अयोध्या रूट के रहे। वहीं, 2019-20 से अब तक हिसार एयरपोर्ट से कुल 10,253 यात्रियों ने यात्रा की है और 973 विमानों की आवाजाही दर्ज हो चुकी है।


