Rajasthan Irrigation Project : राजस्थान के खेतों तक पानी पहचाने के लिए सरकार द्वारा मेगा प्लान तैयार किया है। इसके लिए करोड़ों रुपये का बजट बनाया है और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बांध, सुरंग और पाइपलाइनों का सहारा लिया जाएगा। राजस्थान के रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई का दायरा बढ़ाने के लिए करीब 1550 करोड़ रुपए की चार बड़ी परियोजनाएं प्रस्तावित है।
योजनाएं साकार हुई तो चेचट से लेकर सुकेत और जुल्मी से लेकर सेमलखेड़ी तक के गांवों की कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि इन परियोजनाओं में परंपरागत नहरों के बजाय प्रेशराइज्ड डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से खेतों तक पानी पहुंचाने की योजना है।दोनों बांधों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केंद्रीय जल आयोग को भेजी जा चुकी है। इनके सर्वेक्षण और डीपीआर का काम पूरा कर रिपोर्ट विभाग को सौंपी जा चुकी है, जो परीक्षणाधीन है।
चारों परियोजनाओं में करीब 1550 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है। इनका उद्देश्य क्षेत्र की कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ना है। योजनाओं के पूरा होने पर किसानों को बारिश पर निर्भरता कम करने और रबी की फसलों के लिए पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है।
राणा प्रताप सागर से सुरंग से पहुंचेगा पानी
चारों परियोजनाओं में सबसे बड़ी कुंडाल सिंचाई परियोजना है। इस पर 559.49 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके तहत राणा प्रताप सागर बांध के जलाशय से करीब 7 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई जाएगी। इसके बाद डिग्गी और पंप स्टेशन के जरिए प्रेशराइज्ड पाइपलाइन नेटवर्क से चेचट तहसील के 38 गांवों तक पानी पहुंचाया जाएगा। परियोजना की डीपीआर तैयार होकर विभाग को मिल चुकी है और परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है।
अमझार नदी पर बनेगा 1590 मीटर लंबा बांध
झिल्लारा सिंचाई परियोजना पर 446.44 करोड़ रुपए खर्च होंगे। रामगंजमंडी तहसील के झिल्लारा गांव के पास अमझार नदी पर 1590 मीटर लंबा बांध प्रस्तावित है। इसकी जलभराव क्षमता 21 मिलियन घन मीटर होगी। बांध से रामगंजमंडी और चेचट तहसील के 22 गांवों की करीब 5000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसकी डीपीआर पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के तहत केंद्रीय जल आयोग को भेजी जा चुकी है।
पाटली नदी पर बनेंगे दो बांध
क्षेत्र में कभी विलुप्त हो चुकी पाटली नदी की पुनः खोज के बाद अब इसी नदी पर दो बांध बनाने की योजना तैयार की गई है। जुल्मी गांव के निकट 306 करोड़ रुपए की लागत से पाटली-1 बांध बनेगा। इससे आठ गांवों की 3800 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। वहीं सेमलखेड़ी के पास 238.39 करोड़ रुपए की लागत से पाटली-2 बांध प्रस्तावित है। इससे 17 गांवों की 2200 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।