Kota Mandi Expansion : देश की बड़ी कृषि उपज मंडियों में शुमार भामाशाह कृषि उपज मंडी के विस्तार की परियोजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद बढ़ी है। मंडी विस्तार के लिए प्रस्तावित जमीन को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से स्वीकृति दिलाने के संबंध में नई दिल्ली प्रस्ताव भेजा हुआ है। दिल्ली से मंडी विस्तार के लिए जमीन की अंतिम स्वीकृत्ति जारी की जानी प्रस्तावित है।
मंत्रालय की इस महत्वपूर्ण बैठक के एजेंडे में भामाशाह मंडी के विस्तार का मुद्दा शामिल किया गया है। इसके लिए राजस्थान के अधिकारी दिल्ली रवाना हो चुके हैं। वर्षों से लंबित मंडी विस्तार की योजना को राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की 89वीं स्थायी समिति की बैठक में सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है।
इसके बाद पर्यावरणीय पहलुओं के संबंध में केंद्रीय टीम ने कोटा पहुंचकर प्रस्तावित जमीन की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया था। साथ ही, उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की थी। जानकारों के अनुसार, वन्यजीव बोर्ड ने मंडी विस्तार पर सैद्धांतिक सहमति दे दी थी।
अब अंतिम स्वीकृति मिलना प्रस्तावित है। गौरतलब है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला किसानों के हित में भामाशाह मंडी के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है। वर्तमान में मंडी 350 बीघा जमीन पर संचालित है। विस्तार के लिए 438 बीघा अतिरिक्त जमीन ली जाएगी। अंतिम स्वीकृति मिलना प्रस्तावित है।
गौरतलब है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला किसानों के हित में भामाशाह मंडी के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत है। वर्तमान में मंडी 350 बीघा जमीन पर संचालित है। विस्तार के लिए 438 बीघा अत्तिरिक्त जमीन ली जाएगी।
रेलवे ट्रैक और फोरलेन से जुड़ेगी मंडी
मंडी विस्तार की योजना केवल क्षेत्रफल बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक कृषि व्यापार केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेन्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि मंडी के विस्तार क्षेत्र में रेलवे ट्रैक विकसित किया जाएगा। इससे कृषि जिंसों के परिवहन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मंडी को फोरलेन सड़क से जोड़ने की योजना भी है। इससे किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, मालवाहक वाहनों और व्यापारियों के आवागमन एवं परिवहन को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
अंतिम स्वीकृति मिलने की पूरी उम्मीद
कोटा की भामाशाह कृषि उपज मंडी सचिव मनोज कुमार मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति के एजेंडे में भामाशाह मंडी के विस्तार का प्रस्ताव शामिल किया गया है। दिल्ली में होने वाली बैठक में अंतिम स्वीकृति मिलने की पूरी उम्मीद है।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत हरिभूमि (हिंदी समाचार पत्र) से प्रिंट मीडिया में की, जहां खबरों की बुनियादी समझ और लेखन की गंभीरता को सीखा। इसके बाद अमर उजाला (हिंदी समाचार पत्र) में 7 वर्षों तक कार्य किया। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है। वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।