Jaipur Times — जयपुर टाइम्स
देश और दुनियाहर खबर, आपकी भाषा में

कोटा क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे की बदलेगी तस्वीर, 77 जगहों पर एनएचएआई ने शुरू किया सुधार कार्य

कोटा क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे की बदलेगी तस्वीर, 77 जगहों पर एनएचएआई ने शुरू किया सुधार कार्य

Delhi Mumbai Expressway : देश के प्रमुख मार्गों में शामिल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे को गड्ढा मुक्त करने करने का काम होगा। इसके बाद वाहन चालक बिना किसी बाधा के फर्राटेदार सफर कर सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की तरफ से इस पर काम शुरू कर दिया है और जल्द ही वाहन चालकों के सामने आ रही परेशानी कम होगी और हादसों में भी कमी आएगी।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के कोटा क्षेत्र में सड़क पर गड्‌ढों के मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने सड़क सुधार के लिए 77 स्थान चिह्नित किए है। इनमें से 61 स्थानों पर सुधारात्मक कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 16 स्थानों पर काम जारी है, जिसे 30 नवम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा।

एनएचएआइ के परियोजना निदेशक संदीप अग्रवाल ने बताया कि कोटा ग्रामीण एसपी की ओर से 30 अक्टूबर को मिले पत्र के आधार पर बताए गए 100 गड्‌ढों के लिए 77 स्थान चिह्नित किए गए थे। इसके अलावा 23 फोटो एक ही स्थान के दोहराव वाले पाए गए। इसमें से 61 का काम अब तक पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा शेष 16 स्थानों पर मरम्मतीकरण का काम चल रहा है, जिसे 30 नवम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा।

आवागमन अधिक सुचारू और सुरक्षित हो सकेगा

इसके अतिरिक्त एक्सप्रेस-वे पर सड़क की सतह की असमानता और वाहनों को लगने वाले झटकों की समस्या दूर करने के लिए मंडावरा से गोपालपुरा तक विह्नित स्थानों पर री-कार्पेटिंग का कार्य करवाया जा रहा है। यह कार्य 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एनएचएआइ पीडी अग्रवाल ने बताया कि सभी सुधारात्मक कार्य पूरे होने के बाद एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का आवागमन अधिक सुचारू और सुरक्षित हो सकेगा। इसके लिए तेजी से काम किया जा रहा है।