Railway Station Name Change : राजस्थान के रेलवे स्टेशन को नई पहचान देने के लिए उसका नाम बदलने की तैयारी कर ली है। रेलवे स्टेशन के नाम बदलने को लेकर बोर्ड को प्रस्ताव भेजा गया है। जहां पर मंजूरी मिलने पर स्टेशन का नाम बदल जाएगा और उसको अलग पहचान से जाना जाएगा। राजस्थान के कोटा शहर के सोगरिया रेलवे स्टेशन को अब कोटा के नाम से नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है।
रेलवे की ओर से स्टेशन का नाम बदलने को लेकर योजना बनाई जा रही है। इसके तहत सोगरिया स्टेशन का नाम 'कोटा सोगरिया' या 'सोगरिया कोटा' रखने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों की ओर से नाम को अंतिम रूप देकर प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। बोर्ड की मंजूरी के बाद नामकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इससे सोगरिया को कोटा के सहायक रेलवे स्टेशन के रूप में नई पहचान मिल सकेगी।
दरअसल, कोटा में रेलवे यातायात का विस्तार होने के साथ ही अब एक से अधिक स्टेशनों को विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। कोटा जंक्शन और न्यू कोटा रेलवे स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर की
सुविधाओं से युक्त करने की योजना पर काम चल रहा है। वहीं सोगरिया स्टेशन को भी अत्याधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा चुका है। ऐसे में रेलवे की मंशा सोगरिया को कोटा के प्रमुख सहायक स्टेशन के रूप में स्थापित करने की है।
पहले डकनिया स्टेशन का बदला गया नाम
कोटा में रेलवे स्टेशनों के नामकरण को लेकर इससे पहले भी पहल हो चुकी है। डकनिया तालाब रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर न्यू कोटा किया गया। मई 2025 में केंद्र सरकार की सैद्धांतिक मंजूरी और गृह मंत्रालय की एनओसी के बाद इसका नाम बदलने की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसका उद्देश्य स्टेशन को कोटा शहर की नई पहचान से जोड़ना था। अब इसी तर्ज पर सोगरिया स्टेशन के नाम में भी कोटा को शामिल करने की तैयारी की जा रही है।
2022 में हुआ था सोगरिया स्टेशन का पुनर्विकास
सोगरिया रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कर इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया था। जनवरी 2022 में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रेल राज्य मंत्री दर्शना जरदोश ने पुनर्विकसित स्टेशन का लोकार्पण किया था। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के साथ राजस्थानी कला और संस्कृति की झलक भी विकसित की गई है।
ट्रेनों की संख्या बढ़ाने में मिलेगी मदद
कोटा जंक्शन पर यात्रीभार और ट्रेनों के संचालन का दबाव कम करने के लिए सोगरिया की भूमिका लगातार बढ़ रही है। दिसंबर 2024 में रेलवे ने सात जोड़ी ट्रेनों को कोटा के बजाय गुडला-सोगरिया मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया था। इससे कोटा जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर दबाव कम करने में मदद मिली। भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की योजनाओं में भी सोगरिया की अहम भूमिका रहेगी। ऐसे में स्टेशन के नाम में कोटा जुड़ने से यात्रियों के बीच इसकी पहचान और मजबूत होगी।
कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि कोटा रेल मंडल में सोगरिया स्टेशन को कोटा से जोड़ते हुए नई योजना तैयार की जा रही है। इसके लिए कोटा रेल मंडल की ओर से रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। जहां से चिन्हित नाम के नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सोगरिया रेलवे स्टेशन का नाम बदला जाएगा।