Kota Baran Highway : राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कोटा-बारां के बीच आए दिन होने वाले सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। इस हाईवे के चार प्रमुख ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने के लिए 146.18 करोड़ रुपए की लागत से चार फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। ताथेड़, सीमलिया, चींसा और गढ़ेपान क्षेत्र में इनका निर्माण होगा। इसके साथ ही सर्विस लेन विकसित कर आसपास के मार्गो को भी जोड़ा जाएगा, जिससे स्थानीय यातायात को हाईवे पर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिए है। 14 फरवरी को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कोटा-बारां राष्ट्रीय राजमार्ग पर चारों फ्लाईओवर का निर्माण होने से आवागमन सुगम हो सकेगा।
अभी कई स्थानों पर स्थानीय वाहन चालकों को हाईवे पार करने और मुख्य मार्ग पर आने-जाने के दौरान भारी वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। फ्लाईओवर बनने से मुख्य हाईवे का यातायात निर्बाध रूप से गुजर सकेगा। वहीं स्थानीय वाहनों के आवागमन के लिए सर्विस लेन की सुविधा विकसित की जाएगी।
लोगों को भी मिलेगी राहत
इस परियोजना का फायदा केवल लंबी दूरी के वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और कस्बों के लोगों को भी मिलेगा। सर्विस लेन बनने से स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्हें मुख्य हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच से रास्ता बनाने की मजबूरी नहीं रहेगी। इससे आवागमन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगा।
146.18 करोड़ से बदलेगी हाईवे की तस्वीर
एनएचएआइ की ओर से इस पूरे निर्माण कार्य के लिए 146.18 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 14 फरवरी को टेंडर खोले जाने के बाद एजेंसी चयन और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद निर्माण कार्य को गति मिलेगी। चारों फ्लाईओवर बनने से कोटा-बारां राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव कम करने, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ब्लैक स्पॉट खत्म करने के दिए थे निर्देश
कोटा-बारां राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई ऐसे स्थान हैं, जहां सड़क हादसों की आशंका अधिक रहती है। इन स्थानों पर तेज रफ्तार वाहनों और स्थानीय यातायात के एक ही मार्ग पर आने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लंबे समय से इन ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने की मांग उठ रही थी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को हाईवे के ब्लैक स्पॉट समाप्त करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एनएचएआइ की ओर से प्रस्ताव तैयार कर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
कोटा एनएचएआइ परियोजना निदेशक संदीप अग्रवाल ने बताया कि कोटा-बारां राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए थे। इन चारों स्थानों पर फ्लाईओवर और सर्विस रोड बनाई जाएगी। इससे ब्लैक स्पॉट समाप्त हो जाएंगे। इससे दुर्घटनाएं पर अंकुश लगने के साथ ग्रामीणों को यातायात में भी सुगमता होगी। इसके लिए टेंडर कर लिए गए हैं।